सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

विस्फोटक बैटिंग के बाद चमके गेंदबाज, पाकिस्तान ने श्रीलंका को दी करारी शिकस्त

रावलपिंडी। पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज पर कब्जा जमा लिया है। तीन मैचों की इस सीरीज का दूसरा मुकाबला रावलपिंडी में खेला गया। पाकिस्तान ने मैच को 82…

रावलपिंडी। पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज पर कब्जा जमा लिया है। तीन मैचों की इस सीरीज का दूसरा मुकाबला रावलपिंडी में खेला गया। पाकिस्तान ने मैच को 82 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम किया। पहले बैटिंग करते हुए साहिबजादा फरहान की टीम ने 3 विकेट पर 215 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की बल्लेबाजी पूरी तरह फेल रही। टीम 20 ओवर खेलने के बाद 7 विकेट पर 133 रन ही बना सकी। यह रनों के अंतर से पाकिस्तान की श्रीलंका के खिलाफ सबसे बड़ी जीत है।

पाकिस्तान के लिए टॉप ऑर्डर चमका पाकिस्तान को कप्तान साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावरप्ले में संभलकर बैटिंग की। 7वें ओवर में फखर जमां 17 गेंद पर 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद क्रीज पर उतरे माज सदाकत ने साहिबजादा फरहान के साथ तेजी से रन बनाए। 31 गेंदों पर फिफ्टी लगाने वाले फरहान 73 रन बनाकर आउट हुए। 44 गेंदों की पारी में उन्होंने 4 चौके और 5 छक्के मारे। दोनों बल्लेबाजों ने 48 गेंदों पर 88 रन बनाए। 15वें ओवर के बाद 29 गेंद पर 45 रन बनाकर खेल रहे सदाकत ने आखिरी 5 ओवर में 51 रन अकेले बना दिए। उनके पास शतक लगाने का मौका था लेकिन पारी की आखिरी गेंद पर आउट हो गए। 51 गेंदों पर 6 चौके और 7 छक्कों की मदद से 96 रनों की पारी खेली। हसन नवाज ने 19 रन बनाए।

श्रीलंका के बल्लेबाज टिक ही नहीं पाए श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और लहिरू उदारा पहले ही ओवर में सलमान मिर्जा का शिकार बन गए। तीसरे नंबर पर उतरे कप्तान कुसल मेंडिस ने 9 रन बनाने के बाद लिए 15 गेंदों का सामना किया तो सिनेथ जयवर्धने ने 21 गेंद पर 22 रन बनाए। पावरप्ले में टीम सिर्फ 35 रन बना सकी और यहीं से हार पक्की हो गई। 12वें ओवर में पाकिस्तान का स्कोर 6 विकेट पर सिर्फ 74 रन था। 7वें नंबर पर आए चमिंदु विक्रमासिंघे और 8वें नंबर पर उतरे महीश तीक्षणा के बीच 42 गेंदों पर 50 रनों की साझेदारी हुई। इससे टीम हार के अंतर को कम करने में सफल रही। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद इमरान रंधावा ने 4 ओवर में 11 रन देकर 3 विकेट लिए। सलमान मिर्जा को दो विकेट मिले।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 12 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 10