चंद्रावतीगंज थाना इलाके के ग्राम रतनखेड़ी में खेत के पास कचरा जलाने की छोटी सी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना उग्र हुआ कि आरोपियों ने युवक पर में दराते से हमला कर दिया, जिससे युवक का सिर फट गया। पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में रतनखेड़ी निवासी फरियादी दीपक राठौर पिता विष्णुलाल ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह अपने खेत के समीप जमा कचरा जला रहा था। इसी दौरान गांव के कृपाराम और श्रवण वहां पहुंचे और कचरा जलाने व धुआं फैलने पर आपत्ति जताते हुए गालियां देने लगे। फरियादी द्वारा गाली देने से रोकने पर दोनों आरोपियों ने लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया और इसी बीच पास पड़े दराते से दीपक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट आने से पीड़ित लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने कृपाराम और श्रवण के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




