सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

डिवाइडर से टकराई बाइक एमबीए छात्र की मौत

दोस्तों के साथ घूमने गया था, असंतुलित होकर टकराई गाड़ी, साथी गंभीर घायल

सिमरोल थाना क्षेत्र के चौखी ढाणी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एमबीए के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोस्तों के साथ चौखी ढाणी घूमने गए छात्रों की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि एक छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है तथा मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रोबोट चौराहा निवासी 21 वर्षीय प्रणव पिता नंदकिशोर अपने साथी दुर्गेश और दानिश के साथ चौखी ढाणी गया हुआ था। तीनों युवक एमबीए के छात्र बताए जा रहे हैं। लौटते समय प्रणव और दुर्गेश एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। जैसे ही उनकी बाइक सिमरोल थाना क्षेत्र में चौखी ढाणी के समीप पहुंची, तभी तेज रफ्तार वाहन अचानक असंतुलित हो गया और सीधे सड़क के डिवाइडर से जा टकराया। भीषण टक्कर के कारण बाइक सवार दोनों छात्र सड़क पर जा गिरे। हादसे में सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण प्रणव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी दुर्गेश गंभीर रूप से घायल हो गया। पीछे आ रहे साथी दानिश और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया। सिमरोल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 3 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें