मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

भमोरी चौराहे पर हटाने के बाद अब फिर लगाया पोर्टेबल ट्रैफिक सिग्नल

अनूप टॉकीज के सामने जाम से मुक्ति के लिए दोबारा लगा नया सिग्नल

न.प्र.)। पाटनीपुरा क्षेत्र में भमोरी चौराहे पर अनूप टॉकीज के सामने निगम के यातायात विभाग ने ट्रैफिक कंट्रोल के लिए एक बार फिर से पोर्टेबल ट्रैफिक सिग्नल लगाया गया है। देखने वाली बात है कि अब दोबारा ट्रैफिक सिग्नल लगाने के बाद आखिर क्षेत्र के रहवासियों और व्यापारियों को नया पोर्टेबल ट्रैफिक सिग्नल जाम से कितने दिनों राहत दिलाता है। दरअसल निगम द्वारा करीब दो साल पहले भी क्षेत्र के लोगों को रोज सुबह शाम लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए पोर्टेबल ट्रैफिक सिग्नल लगाया था। लेकिन हालात यह रही कि थोड़े टाइम बाद ही यहां से पोर्टेबल ट्रैफिक सिग्नल को हटाना पड़ा।

इधर,पाटनीपुरा पर सिग्नल में टाइमिंग गड़बड़ी के कारण लग रहा जाम

वहीं क्षेत्र के रहवासी और व्यापारियों का कहना है कि सबसे बड़ी दिक्कत पाटनीपुरा चौराहे पर लगे ट्रैफिक सिग्नल में टाइमिंग की गड़बड़ी है। यहां मालवामिल की ओर से आने वाले वाहन चालकों को सबसे ज्यादा समय दिए जाने और एमआईजी थाने और परदेशीपुरा की ओर से आने वाले वाहन चालकों को कम टाइमिंग दिए जाने से वाहन चालुकों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। खासकर भमोरी की ओर से आने वालों को ज्यादा इंतजार करना पड़ रहा है।

दो से तीन बार करना पड़ रहा बारी आने का इंतजार

यही नहीं इसके कारण वाहन चालकों को दो से तीन बार में अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ रहा है। जिसके कारण भी जाम लगा रहता है। इसके अलावा पाटनीपुरा चौराहे से भमोरी चौराहे तक के हिस्से में भी दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर दुकान के सामने सामान बाहर तक रखा जा रहा है। यही नहीं फुटपाथ पर भी सामान फैलाकर रखा जाता है। कहीं बोर्ड लगाकर तो कहीं सब्जी और फल प्रूट के ठेले वालों के कारण भी जाम की स्थिति बन रही है। वहीं लोगों का कहना है कि आस्था-अनूप टॉकीज के सामने यातायात विभाग द्वारा बीमा अस्पताल, बजरंग नगर,नंदानगर, संजय गांधी नगर सहित अन्य कॉलोनियों की और आने जाने वालों के अलावा एबी रोड से रिंग रोड़ की ओर जाने वाले वाहन चालकों को जाम से राहत के लिए एक बार फिर पोर्टेबल ट्रैफिक सिग्नल लगाकर जाम से मुक्ति दिलाने के लिए प्रयास शुरू किए गए है।

स्थायी समाधान के लिए प्रायोगिक रूप से लगाए सिग्नल

अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में स्थाई समाधान के लिए पोर्टेबल ट्रैफिक सिग्नल लगाकर जाम की स्थिति का आकलन करने के लिए प्रायोगिक तौर पर अस्थायी सिग्नल लगाकर जाम की स्थिति को समझा जा रहा है। इसके अलावा पिछले दिनों इसी रोड पर भमोरी चौराहे से आगे वाले चौराहे के पास भी प्रयोगिक तौर पर ट्रैफिक सिग्नल लगाया गया है। यही नहीं शहर के अन्य प्रमुख चौराहे पर भी इस तरह ट्रैफिक विभाग द्वारा पोर्टेबल सिग्नल लगाए है। जिस पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निगरानी रखी जा रही है। फिर जहां जैसी जरूरत होगी उस हिसाब से बड़े या छोटे सिग्नल स्थाई रूप से लगाए जाएंगे।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें