मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

बरसात में भी भरेंगे सड़क के गड्ढे, नगर निगम खर्च करेगा 98 लाख रुपये

बरसात के मौसम में सड़कों पर बनने वाले गड्ढों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर निगम ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। अब बारिश के दौरान…

बरसात के मौसम में सड़कों पर बनने वाले गड्ढों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर निगम ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। अब बारिश के दौरान भी सड़कों की मरम्मत का काम नहीं रुकेगा। इसके लिए निगम 98 लाख रुपये खर्च कर विशेष डामर सामग्री की खरीदी करेगा। इस संबंध में निविदाएं जारी कर दी गई हैं।

अब तक सड़कों पर गड्ढे भरने का काम गर्म डामर से किया जाता था, लेकिन बारिश शुरू होते ही डामर बनाने वाले संयंत्र बंद हो जाते हैं। ऐसे में सड़कों की मरम्मत करना मुश्किल हो जाता था। इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम विशेष डामर सामग्री का उपयोग करेगा, जिससे वर्षा के दौरान भी गड्ढों को भरा जा सकेगा। इस कार्य में तेज दबाव वाली मशीनों का भी उपयोग किया जाएगा, ताकि मरम्मत अधिक मजबूत और टिकाऊ हो।

जनकार्य विभाग के कार्यपालन यंत्री पी.एस. कुशवाह ने बताया कि शहर में अब तक करीब 15 इंच वर्षा हो चुकी है और अक्टूबर तक बारिश जारी रहने की संभावना है। लगातार बारिश से मुख्य मार्गों पर गड्ढे बनने लगते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए विभाग ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है, ताकि पूरे वर्षाकाल में सड़क मरम्मत का कार्य लगातार चलता रहे। जनकार्य विभाग के प्रभारी एवं महापौर परिषद सदस्य राजेंद्र राठौर ने बताया कि नगर निगम के सभी 22 जोन कार्यालयों से अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख मार्गों और खतरनाक गड्ढों की सूची मांगी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्राथमिकता के आधार पर ऐसे गड्ढों को भरने का कार्य किया जाए, जिससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं, नगर निगम की इस पहल पर नेता प्रतिपक्ष सोनाली मिमरोट ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे देर से उठाया गया कदम बताते हुए कहा कि शहर की जनता लंबे समय से खराब सड़कों, गंदे पानी और गंदगी की समस्या से जूझ रही है। उनके अनुसार शहर की अधिकांश सड़कें पहले से ही गड्ढों से भरी हुई हैं और निगम को समय रहते प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए थी।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें