इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के मोरोद में एक ग्रामीण के साथ मारपीट की वारदात सामने आई है। पीड़ित जब अपने घर के पास टूटे पड़े बिजली के तार से होने वाले संभावित खतरे की शिकायत करने और सप्लाई बंद कराने ग्रिड पहुंचा, तो वहां मौजूद दो लोगों ने गालियां देते हुए उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पीड़ित की नाक से खून बहने लगा और सिर में गंभीर चोट आई। पीड़ित की शिकायत पर तेजाजी नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मोरोद निवासी नरेश पिता विक्रम सिंह चौधरी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि शाम लगभग 6:30 बजे वह पास स्थित एमपीईबी ग्रिड पहुंचा था। वहां उसे राजपाल मेवाड़ा और गोपाल परमार मिले। नरेश ने उनसे कहा कि मेरे घर के पास बिजली का तार टूटकर गिरा पड़ा है, उसे तुरंत ठीक कर दो या लाइन की सप्लाई बंद कर दो, वरना परिवार के बच्चों को करंट लगने से कोई बड़ा हादसा हो सकता है। सुरक्षा से जुड़ी इस शिकायत को सुनने के बजाय आरोपी राजपाल और गोपाल फरियादी के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने लगे। जब नरेश ने गालियां देने से मना किया और विरोध जताया, तो आक्रोशित होकर राजपाल ने उसके चेहरे पर जोरदार घूंसा मार दिया, जिससे उसकी नाक से खून बहने लगा। घबराकर जब पीड़ित अपनी जान बचाकर भागने लगा, तो राजपाल के साथी गोपाल परमार ने उसे पीछे से दबोच लिया। इसके बाद राजपाल ने दोबारा थप्पड़-घूंसे बरसाए और किसी कठोर वस्तु से नरेश के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




