सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

610 गांवों में घर-घर से कचरा संग्रहण की होगी व्यवस्था

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में वाटर रिचार्जिंग पर भी चर्चा

610 गांवों में घर-घर से कचरा संग्रहण की होगी व्यवस्था

कलेक्टर शिवम वर्मा ने कल जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की जिला स्तरीय बैठक में पेयजल स्त्रोतों के सुदृढ़ीकरण एवं भूजल संवर्धन तथा इंदौर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता संबंधी कार्यों के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में विधायक उषा ठाकुर, अधिकारी हिमांशु प्रजापति एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी भी रही। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता प्रबंधन के लिये कराये जाने वाले कार्यों के संबंध में भी चर्चा की गई। बताया गया कि इसके तहत जिले के सभी गांवों में घर-घर से कचरा संग्रहण की व्यवस्था की जायेगी। साथ ही संग्रहित कचरे के सुरक्षित परिवहन और उसका वैज्ञानिक तरीकों से प्रसंस्करण सुनिश्चित कराया जायेगा। इसके लिये पीपीपी मॉडल पर कार्य कराने के संबंध में चर्चा हुई। बताया गया कि इसके लिये जिले के सभी 610 गांवों को 56 कलस्टर में विभाजित कर कार्ययोजना का मूर्त रूप दिया जायेगा। कलेक्टर वर्मा ने निर्देश दिये कि यह कार्ययोजना शीघ्र क्रियान्वित की जाये। वहीं जिले में भूजल संरक्षण एवं संवर्धन के संबंध में चलाये गये जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कराये गये कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। सभी शासकीय भवनों में वॉटर रिचार्जिंग के कार्य अनिवार्य रूप से कराये जाये। जिले में बन रहे सभी प्रधानमंत्री आवास में भी इस तरह के कार्य अनिवार्य रूप से हो। यह भी बताया कि गर्मी में 2088 रूफ वॉटर हार्वेस्टिंग के कार्य कराये गये है। इसी तरह 309 रिचार्ज पिट बनाये गये है। जिले में 373 कुंओ तथा 481 हेडपम्प का रिचार्ज का कार्य भी हुआ है। इसी प्रकार 79 चेकडेम/स्टाफ डेम, 93 तालाब और 21 बावड़ियों के जीर्णोद्धार के कार्य कराये गये है। जिले में 6 नए तालाब भी बनाये गये है। अमृत सरोवर योजना में भी 101 नए तालाब जिले में विगत वर्ष बनाये गये।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 29 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें