इंदौर। अन्वेषा छजलानी और अविका पंवार ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया आइपीएससी बालिका शतरंज स्पर्धा में स्वर्णिम सफलता हासिल की। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। स्पर्धा अंडर- 14, अंडर-17 और अंडर- 19 आयु वर्ग में खेली गई। स्पर्धा का पुरस्कार वितरण स्कूल की निदेशक हर्षिता सिंह के आतिथ्य में हुआ। इस दौरान खेल अधिकारी अकरम खान सहित देशभर से आए खिलाड़ी और अधिकारी उपस्थित थे। बालिका अंडर-14 वर्ग में मेजबान एमरल्ड हाइट्स स्कूल की अन्वेषा छजलानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। अन्वेषा ने सभी छह मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए 100 प्रतिशत प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता। दिल्ली के मॉर्डन स्कूल की आद्या गुप्ता चार अंकों के साथ दूसरे और हैदराबाद पब्लिक स्कूल की तंद्रा सितारा राव चार अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। बालिका अंडर-17 वर्ग में दिल्ली के मॉडर्न स्कूल की आशा खंडेलवाल ने अपने सभी छह मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। हैदराबाद पब्लिक स्कूल की लौक्या साधिका चेवरू ने पांच अंकों के साथ दूसरा और दिल्ली के मॉर्डन स्कूल की चाहत कोहली ने भी पांच अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 22 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




