इंदौर। शिप्रा थाना इलाके में घरेलू कहासुनी से व्यथित होकर एक विवाहिता द्वारा जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या करने की वारदात सामने आई है। महिला का अपने पति से किसी बात पर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। गंभीर अवस्था में महिला को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
महाकाल कालोनी शिप्रा निवासी 28 वर्षीय आरती पति अर्जुन चंदेल ने गत 23 सितंबर को अपने घर में रखा जहरीला पदार्थ पी लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे आनन-फानन में एमवायएच पहुंचाया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी सांसें थम गईं। मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि आरती और अर्जुन का विवाह करीब 12 वर्ष पूर्व हुआ था और उनकी तीन छोटी बेटियां हैं। पति अर्जुन सिविल लाइन का काम करता है। घटना के दिन दंपत्ति के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद आहत होकर आरती ने जहर पी लिया। शिप्रा थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 29 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




