मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

दुर्घटना के बाद अस्पताल पहुंची महिला की सोने की चेन उड़ाई

अरबिंदो अस्पताल के गेट पर हुई वारदात, केस दर्ज

इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित अरबिंदो अस्पताल में इंसानियत को शर्मसार करने वाली चोरी की वारदात सामने आई है। सड़क दुर्घटना में घायल होकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंची एक महिला के गले से अज्ञात बदमाश ने सोने की चेन पार कर दी। पीड़िता की शिकायत पर बाणगंगा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जंजीरवाला चौराहा तीन कुएं के पास निवासी फरियादी मीना टटवाड़े ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि गत 11 जुलाई की रात करीब 2:30 बजे लवकुश चौराहे पर उनका एक्सीडेंट हो गया था। हादसे के बाद मौके पर मौजूद कुछ राहगिरों ने मदद करते हुए उन्हें इलाज के लिए तत्काल अरबिंदो अस्पताल पहुंचाया था। पीड़िता के मुताबिक, रात करीब 2:40 बजे अरबिंदो अस्पताल के इमरजेंसी गेट के पास जब उन्हें लाया जा रहा था, तभी भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले में पहनी सोने की चेन चोरी कर ली। इलाज के बाद स्थिति सामान्य होने पर पीड़िता ने बाणगंगा थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। बाणगंगा पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है और अस्पताल परिसर तथा इमरजेंसी गेट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 26 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें