शहर की बदहाल सड़कों और जानलेवा गड्ढों के खिलाफ आम आदमी पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘गड्ढे भरो, जान बचाओ’ आंदोलन की शुरुआत देवी अहिल्या माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इसके बाद हाल ही में सड़क के गड्ढों के कारण हादसों में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। राजबाडा पर निगम की लापरवाही और सडकों पर गड्डों के खिलाफ आप के कार्यकर्ताओं ने थालियां और तसले बजाकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदेश संगठन मंत्री अनुराग यादव ने कहा कि ‘नगर निगम को जनता के सामने जवाब देना होगा कि गड्ढे भरने के लिए खरीदी गई करोड़ों रुपये की मशीनें कहाँ हैं। अगर मशीनें मौजूद हैं तो उनका इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा? शहर की जनता की जान खतरे में है और निगम प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता। यादव ने कहा कि निगम टैक्स ले रहा है और गड्डों पर पेंचवर्क भी नहीं कर रहा है, इन गड्डों के कारण दुर्घटनाएं घटी जिसमें कुछ लोगों की मौत भी हुई है। इन्दौर में गड्डों के कारण दुर्घटना से मौत पर 10 लाख का मुआवजा पीड़ित परिवार को मिलना चाहिए। आम आदमी पार्टी अब हर वार्डों के मोहल्लों में जनसमस्याएं उठाएंगी और निगम से थाली और तसले बजाकर जवाब मांगेगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 21 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




