इंदौर नगर निगम द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न अभिनव गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में प्लास्टिक कचरे के उचित संग्रहण, पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से शहर के समस्त आरआरआर पुन: उपयोग रीसायकल सेंटरों पर 20 अगस्त से 30 अगस्त तक विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने बताया कि अभियान के अंतर्गत शहरवासी अपने घरों, कार्यालयों एवं आसपास के क्षेत्रों में अनुपयोगी पड़े प्लास्टिक को एकत्रित कर अपने नजदीकी आरआरआर सेंटर पर जमा कर सकते हैं। नागरिक द्वारा कम से कम आधा किलो प्लास्टिक जमा करने पर उसे एक पौधा प्रदान किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को प्लास्टिक कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय उसका उचित संग्रहण एवं पुनर्चक्रण सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना है। साथ ही प्लास्टिक के बदले पौधा प्रदान कर नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, हरियाली एवं पौधारोपण से जोड़ना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए 15 स्थानों पर आरआरआर सेंटर बनाए गए है, जो अलग-अलग झोन के अलग-अलग वार्ड में है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 19 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




