इंदौर संभागायुक्त डॉ.सुदाम खाड़े ने संभागायुक्त कार्यालय में शिक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विभागों के साथ समीक्षा की। इसमें उन्होंने स्कूल शिक्षा सहित जनजाति कार्य, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा सहित श्रम विभाग अंतर्गत संचालित आवासीय शिक्षा के संबंध में नवीन शिक्षा सत्र में पंजीकृत विद्यार्थियों सहित उन्हें सायकिल वितरण के अलावा इससे जुड़े अहम बिंदुओं पर समीक्षा की। धरती आबा योजनांतर्गत शिक्षा सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति हुई है। शासन द्वारा संभाग के 8 जिलों में जनजाति जनपदों में 292 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत किए है। इसमें 32 कार्य पूर्ण किए गए है। जबकि शेष कार्य प्रगतिरत के साथ ही कार्य आदेश जारी करने, निविदापूर्ण व निविदाएं आमंत्रित करने की स्थिति में है। सबसे अधिक 70 कार्य धार जिले में स्वीकृत होकर 14 कार्य पूर्ण हो चुके है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा बताया गया कि विभाग द्वारा 12 नए पाठ्याक्रम प्रारंभ किए जाने है जो सीधे रोजगार से जुड़े है। इन 12 पाठ्याक्रमों में बी.कॉम इन रिटेल ऑपरेशन व लॉजिस्टिक, एचआर ऑपरेशन, इवेंट मैनेजमेंट, डिजिटल मार्केटिंग एंड एडवरटाइजिंग, रियल स्टेट एंड प्रॉपर्टी मैनेजमेंट और बी.एससी टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी शामिल है। कौशल विभाग द्वारा बताया गया कि सम्भाग में 9 आईटीआई में 6 ट्रेड भवन तथा 60-60 सीटर के बालक व बालिकाओं के विद्यार्थियों के लिए छात्रावासों का कार्य प्रारंभ हो गया है। जबकि खरगोन के बड़वाह में 30- 30 बालक व बालिकाओं के लिए छात्रावास का निर्माण प्रारंभ किया गया हैं। इस तरह 1020 बालक-बालिकाओं की सीट के लिए छात्रावास बनना प्रारंभ हो चुके है। सम्भागायुक्त ने कहा कि नवीन पाठ्याक्रमों की निरंतर निगरानी करते हुए बेहतर गेस्ट फैकल्टी को आमंत्रित करते हुए विजिट एक्सपोजर के लिए भी ले जाने की रूपरेखा बनाए।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 21 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




