इंदौर। शासन की महत्वपूर्ण स्मार्ट मीटर परियोजना का पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर द्वारा प्रभावी क्रियान्वयन कर सभी पात्र उपभोक्ताओं को लाभान्वित किया जा रहा है। पिछले एक माह में स्मार्ट मीटरों ने सौर ऊर्जा अवधि यानि सुबह 9 से शाम 5 तक की गई खपत की पृथक गणना कर मालवा निमाड़ के स्मार्ट मीटरीकृत बिजली उपभोक्ताओं को अठारह करोड़ रुपए से ज्यादा की टीओडी छूट दिलाई है। सबसे ज्यादा इंदौर शहर के 6.63 लाख बिजली उपभोक्ताओं को आठ करोड़ पचास लाख रुपए की टीओडी छूट दी गई है।
मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि टाईम ऑफ द डे यानि दिन विशेष में समय विशेष में की गई खपत की स्मार्ट मीटर पृथक गणना करते हैं। सौर ऊर्जा अवधि में मप्र विद्युत नियामक आयोग द्वारा मंजूर ऊर्जा प्रभार में बीस प्रतिशत की छूट कंपनी द्वारा स्मार्ट मीटरीकृत उपभोक्ताओं को दी जा रही है। सिंह ने बताया कि सितंबर माह के बिलों में कंपनी क्षेत्र के पंद्रह लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं को रियायत दी गई हैं, यह रियायत अठारह करोड़ छब्बीस लाख रूपए की हैं। सबसे ज्यादा इंदौर शहर के 6.63 लाख बिजली उपभोक्ताओं को साढ़े आठ करोड़ की टीओडी छूट प्रदान की गई है।
प्रबंध निदेशक सिंह ने बताया कि उज्जैन जिले के 1.35 लाख उपभोक्ताओं को 1.62 करोड़ रुपए की, रतलाम जिले के 1.18 लाख उपभोक्ताओं को 1.11 करोड़ रुपए की, देवास जिले के 79 हजार उपभोक्ताओं को 78 लाख की, खंडवा जिले के 66 हजार उपभोक्ताओं को 57 लाख रुपए की, बुरहानपुर जिले के 64 हजार उपभोक्ताओं को 70 लाख की, बडवानी जिले के 57 हजार उपभोक्ताओं को 47 लाख रुपए की टीओडी छूट प्रदान की गई है। अन्य जिलों में भी स्मार्ट मीटरीकृत बिजली उपभोक्ताओं को नियमानुसार, पात्रतानुसार टीओडी छूट दी गई है।
प्रबंध निदेशक सिंह ने बताया कि शासन का टीओडी छूट का उद्देश्य सौर ऊर्जा अवधि में अधिकतम बिजली का उपयोग किया जाने का आह्वान हैं, ताकि कोयले, पानी की बिजली अपेक्षाकृत कम तैयार करना है। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने से कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने पर भी प्रभावी रूप से कार्य हो रहा हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





