मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

65 रुपए लीटर खरीद मूल्य की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

दूध की लागत बढ़ी, किसानों ने खोला मोर्चा कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन

आगामी 1 सितंबर से दूध की नई दरें तय होने से पहले दूध उत्पादक किसानों ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। उत्पादन लागत में लगातार बढ़ोतरी और किसानों को कम खरीद मूल्य मिलने का आरोप लगाते हुए किसान शोषण विरोधी मंच के नेतृत्व में किसानों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने दूध का खरीद मूल्य बढ़ाकर 65 रुपए प्रति लीटर किए जाने की मांग की है। इससे पहले सोमवार शाम इंदौर बाईपास स्थित झालरिया में किसान शोषण विरोधी मंच की ओर से दूध उत्पादक किसानों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में दिलीप सिंह पवार और महेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में दूध उत्पादक किसान मौजूद रहे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दूध उत्पादन में आने वाली वास्तविक लागत और किसानों की मेहनत को ध्यान में रखते हुए सरकार और प्रशासन के समक्ष 65 रुपए प्रति लीटर खरीद मूल्य की मांग मजबूती से रखी जाएगी। इसी मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा गया।

लागत बढ़ी, खरीद मूल्य पर

किसानों का विरोध- किसानों का कहना है कि पशुओं की कीमत से लेकर खली- भूसा, चारा, दवाइयों और मजदूरी तक की लागत लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद गांवों से दूध खरीदने वाले व्यापारियों द्वारा किसानों को करीब 45 से 55 रुपए प्रति लीटर तक का भुगतान किया जा रहा है। किसानों का दावा है कि मौजूदा दरों में दूध उत्पादन की वास्तविक लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। किसान शेर सिंह, दिलीप सिंह, महेंद्र सिंह और लक्ष्मण सिंह सहित अन्य किसानों ने कहा कि दूध की नई दर तय करते समय उत्पादकों की लागत और उनकी मेहनत को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। किसानों ने सरकार से मांग की है कि खरीद मूल्य ऐसा तय किया जाए, जिससे दूध उत्पादन किसानों के लिए आर्थिक रूप से टिकाऊ रह सके।

शहर में 65 से 70 रुपए लीटर

बिक रहा दूध- किसानों ने यह भी कहा कि जिस दूध के लिए उन्हें गांवों में 45 से 55 रुपए प्रति लीटर तक मिल रहे हैं, वही दूध शहर में उपभोक्ताओं को करीब 65 से 70 रुपए प्रति लीटर तक बेचा जा रहा है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 26 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें