नगर निगम के द्वारा 5 लाख सेल्फी विद सेग्रीगेशन का विश्व कीर्तिमान बनाने के लिए आज सुबह से काम शुरू किया गया। इसके अंतर्गत घर-घर से सैरीगेटेड कचरा देते हुए संबंधित व्यक्तियों के द्वारा अपने फोटो लेकर अपलोड किए गए। सुबह के 10:00 बजे तक 1.65 लाख सेल्फी अपलोड कर दी गई।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने डोर टू डोर कचरा संग्रहण वाहन में सेग्रीगेशन कचरा डालने के पश्चात सेगरेशन वाली सेल्फी ली। उन्होंने शहर वासियों से अपील कि आज 30 जुलाई को जब कचरा संग्रहण वाहन आए, तो अपने सैरीगेटेड वेस्ट के साथ एक सेग्रीगेशन वाली सेल्फी जरूर लें। इंदौर नगर निगम के द्वारा आज स्वच्छता के क्षेत्र में एक बड़ा नवाचार करते हुए 5 लाख सेल्फियों का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर स्वच्छता का नया इतिहास बनाने का काम किया जा रहा है।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह 10:00 बजे तक 1.65 लाख सेल्फी हो गई थी। महापौर और आयुक्त के द्वारा भी खुद की सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर प्रचार के लिए डाला गया। निगम अधिकारियों का मानना है कि आज सुबह के सत्र में ही कचरा गाड़ियों से लक्ष्य के अनुरूप सेल्फी हो जाएगी। यदि सुबह के सत्र में लक्ष्य पूरा नहीं हो सका तो फिर शाम के सत्र में भी सेल्फी का अभियान चलाया जाएगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




