यातायात पुलिस इंदौर द्वारा ‘ट्रैफिक सफारी’ का आयोजन किया गया। इस पहल के अंतर्गत देलही पब्लिक एलिमेंट्री स्कूल के लगभग 450 नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने रेसीडेंसी क्षेत्र स्थित ट्रैफिक पार्क, इंदौर का रोचक एवं ज्ञानवर्धक शैक्षणिक भ्रमण किया। यहां बच्चों को खेल-खेल में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान यातायात निरीक्षक नारायण सिंह डामोर, निरीक्षक सीमा गुप्ता एवं आरक्षक सुमंत सिंह ने बच्चों से दोस्ताना अंदाज में संवाद करते हुए उन्हें यातायात संकेतों, जेब्रा क्रॉसिंग, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों तथा विभिन्न ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सवाल पूछे और पुलिसकर्मियों से यातायात से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान जाना। इस दौरान बच्चों ने उत्साह के साथ कहा ‘पुलिस हमारी दोस्त है’ और ‘ट्रैफिक रूल्स हमारी सेफ्टी के लिए हैं।’ ‘ट्रैफिक सफारी’ के दौरान बच्चों को स्कूल बस में सुरक्षित सफर से जुड़े महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों की भी जानकारी दी गई। बस में चढ़ते एवं उतरते समय बरती जाने वाली सावधानियों, बस के आसपास सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा यात्रा के दौरान अनुशासन का महत्व समझाया गया। बच्चों को स्कूल बस में उपलब्ध पैनिक बटन, कैमरा, फर्स्ट एड बॉक्स, फायर एक्सटिंग्विशर, स्पीड गवर्नर सहित विभिन्न सुरक्षा उपकरणों के बारे में बताया गया तथा इनके उपयोग एवं महत्व को सरल भाषा में समझाया गया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




