उप्र में लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद जिले के 33 गांवों और 40 सरकारी स्कूलों में गंगा का पानी घुस गया है। बलिया में एक हफ्ते में 27 घर सरयू नदी में समा चुके हैं। वाराणसी में गंगा का पानी 40-50 छोटे मंदिरों में घुस गया है। वहीं, प्रतापगढ़ में लगातार बारिश के कारण 100 साल पुराना मकान ढह गया, जिसमें एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। असम में 6 और लोगों की मौत के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 95 हो गई। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी उफान पर आने से एक पुल नदी में डूब गया। रहवासी इलाकों में भी नदी का पानी घुस गया। उत्तराखंड में देहरादून, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल में आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ 12वीं तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। रुद्रप्रयाग में मूसलाधार बारिश के बाद तिलवाड़ा के पास पहाड़ से मलबा और पानी केदारनाथ हाईवे पर आ गया। इससे कई गाड़ियां कीचड़ और चट्टानों के मलबे में दब गईं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 1 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




