गणेश मंदिर में 12 दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए 20 करोड रुपए का बीमा कवरेज रखा गया है। मंदिर प्रशासन के द्वारा पिछले साल 2 करोड रुपए का बीमा करवाया गया था। इस बार इस बीमा को 10 गुना बढ़ा दिया गया है।
गणेश उत्सव के दौरान खजराना के गणेश मंदिर पर भक्तों का सैलाब उमडता है। लाखों की संख्या में लोग खजराना के गणेश जी को मानने वाले हैं। कल गणेश चतुर्थी के दिन सुबह जल्दी से लेकर देर रात तक भक्तों की भारी भीड़ मंदिर पर लगी हुई थी। गणेश चतुर्थी के एक दिन पूर्व पूरी रात भी मंदिर चालू था। उस समय पूरी रात बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान खजराना गणेश के दर्शन करने के लिए पहुंच रहे थे। इसके साथ ही कल से गणेश मंदिर के परिसर में 12 दिवसीय मेला भी शुरू हो गया है। गणेश उत्सव के दौरान खजराना की गणेश मंदिर में पहुंचने वाले भक्तों की सुरक्षा के लिए मंदिर प्रशासन के द्वारा हर साल बीमा करवाया जाता है। पिछले साल इन भक्तों का 2 करोड रुपए का बीमा मंदिर प्रशासन के द्वारा करवाया गया था। इस साल मंदिर प्रशासन ने बीमा की लिमिट को बढ़ाकर 20 करोड रुपए कर दिया है। मंदिर के प्रबंधक घनश्याम शुक्ला ने बताया कि इस बीमा के लिए मंदिर प्रशासन की ओर से प्रीमियम बीमा कंपनी को जमा कराया गया है। इस स्थिति में अब इस 12 दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान यदि गणेश मंदिर में कोई व्यक्ति किसी घटना दुर्घटना का शिकार हो जाता है तो उसे इस बीमा कवरेज से राशि मिल सकेगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 15 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




