अनंत चतुर्दशी गणेश प्रतिमा विसर्जन झांकी चल समारोह की मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के इंदौर शहर वृत्त द्वारा तैयारी की जा रही है। इस वर्ष अनंत चतुर्दशी 25 सितंबर के दिन है, इस झांकी चल समारोह के लिए बिजली संबधित कार्य पिछले दस दिनों से किए जा रहे है। शहर में कुल 180 बिजली कार्मिक इस दिन विशेष रूप से सेवाएं देंगे। शहर वृत्त अधीक्षण यंत्री मनेंद्र गर्ग ने बताया कि अनंत चतुर्दशी गणेश विसर्जन चल समारोह में बिजली कंपनी की ओर से माकूल व्यवस्थाएं रहेगी। कंपनी के उच्चदाब, निम्नदाब दोनों के दलों द्वारा सतत मैंटेनेंस किया ग़या है। मिल क्षेत्र से बजाजखाना तक करीब सात किमी झांकी मार्ग पर ट्रांसफार्मरों के नए बॉक्स, ढक्कन लगाने का कार्य विद्युत जोन कार्यालयों की टीमों द्वारा किया गया है। मार्ग पर केबल, तारों की ऊंचाई की समीक्षा कर पर्याप्त ऊंचाई की स्थिति लाई गई है। बारिश के कारण पोल, केबल, ट्रांसफार्मर पर झुकी पेड़ों की शाखाओं को हटाने का अभियान भी संचालित किया गया। गर्ग ने बताया कि जवाहर मार्ग के पास बजाजखाना सब स्टेशन पर कंपनी की ओर से अस्थाई बिजली कंट्रोल सेंटर भी बनेगा। झांकी चल समारोह के दिन 30 इंजीनियरों समेत करीब 180 कार्मिक सेवाएं देंगे। शहर अधीक्षण यंत्री ने बताया कि शहर वृत्त की टीम द्वारा कलेक्टर, पुलिस आयुक्त, नगर निगम की टीम के निरीक्षण के दौरान आए कार्यों, व्यवस्थाओं को लेकर भी संधारण कार्य किया गया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




