नगर निगम के द्वारा शहर के सभी बाजारों में जांच अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत बिना लाइसेंस के कारोबार करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के पहले दिन बिना लाइसेंस के कारोबार करने पर 14 दुकानों को सील कर दिया गया है।

नगर निगम के द्वारा पिछले दिनों शहर के सभी बाजारों में शिविर लगाए गए थे। इस शिविर के माध्यम से बाजार में कारोबार करने वाले लोगों के लाइसेंस का नवीनीकरण और नया लाइसेंस बनाने का काम किया गया था। निगम के इस शिविर को निगम अधिकारियों की अपेक्षा के अनुरूप सफलता नहीं मिल सकी। बड़ी संख्या में नागरिकों के द्वारा अपने व्यापार का लाइसेंस नहीं बनवाया गया। इस स्थिति को देखते हुए नगर निगम के द्वारा यह फैसला लिया गया है कि अब हर दुकान पर जाकर लाइसेंस चैक किया जाएगा। जिस दुकान में नवीनीकृत किया गया लाइसेंस नहीं होगा उस दुकान को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
निगम के द्वारा कल से ही यह अभियान शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के दौरान विभिन्न झोन की राजस्व टीमों द्वारा दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में नगर निगम द्वारा जारी ट्रेड लाइसेंस की जांच की गई। जांच के दौरान व्यापारियों के द्वारा कुल 57 ट्रेड लाइसेंस का नवीनीकरण कराया गया। वहीं, जिन दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आवश्यक ट्रेड लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। निगम के झोन क्रमांक 03 में 08 दुकानों तथा झोन क्रमांक 15 में 06 दुकानों सहित कुल 14 दुकानों को ट्रेड लाइसेंस नहीं पाए जाने पर सील किया गया। निगम द्वारा संबंधित व्यवसायियों को नियमानुसार आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करने एवं उसका नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। झोन क्रमांक 03 में कुम्हार मोहल्ला और नगर निगम रोड की दुकानों को सील किया गया। निगम राजस्व विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि शहर में संचालित व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के लिए आवश्यक नगर निगम लाइसेंस की वैधता की नियमित रूप से जांच की जाएगी। बिना वैध ट्रेड लाइसेंस के व्यवसाय संचालित पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नगर निगम के प्रचलित नियमों के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




