मंगलवार, 10 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

साढ़े पांच लाख की एमडी ड्रग्स के साथ रतलाम के दो तस्कर गिरफ्तार

शहर में अवैध नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए क्राइम ब्रांच ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सुपर कॉरिडोर क्षेत्र से पुलिस ने रतलाम के…

साढ़े पांच लाख की एमडी ड्रग्स के साथ रतलाम के दो तस्कर गिरफ्तार

शहर में अवैध नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए क्राइम ब्रांच ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सुपर कॉरिडोर क्षेत्र से पुलिस ने रतलाम के रहने वाले दो ड्रग्स तस्करों को रंगे हाथों दबोचा है। आरोपियों के पास से 55.61 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत 6 लाख रुपये से अधिक है। पुलिस अब इनके पूरे सप्लाई नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

क्राइम ब्रांच की टीम सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में गश्त और चेकिंग पर निकली हुई थी। जब पुलिस टीम सुपर कॉरिडोर सर्विस रोड पर पिलर नंबर 213 के पास पहुँची, तो वहाँ सड़क किनारे एक बिना नंबर की सफेद हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे नजर आए। पुलिस दल को पास आते देख दोनों हड़बड़ाकर भागने की कोशिश करने लगे, जिस पर सतर्क टीम ने त्वरित घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आमीन मंसूरी निवासी अशोक नगर, थाना माणक चौक, रतलाम और समीर कुरैशी निवासी थाना स्टेशन रोड, रतलाम के रूप में हुई है। संदेह होने पर जब उनकी मोटर साइकिल की सघन तलाशी ली गई, तो गाड़ी के बायीं तरफ टंगे बैग के अंदर से 55.61 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत साढ़े पाँच लाख रुपये है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि आरोपी आमीन मंसूरी और समीर कुरैशी के खिलाफ रतलाम के थानों में पूर्व से ही मारपीट, अड़ीबाजी और बलवे जैसे गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच इंदौर ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना अपराध शाखा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। जब्त किए गए कुल 5.50 लाख की एमडी ड्रग्स और 50 हजार की मोटरसाइकिल मिलाकर कुल 6 लाख रुपये की संपत्ति शामिल है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह ड्रग्स रतलाम से किस मुख्य तस्कर से लेकर आए थे और इंदौर में किसे डिलीवर करने वाले थे।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 10 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 10 November 2026, पृष्ठ 12