मंगलवार, 10 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

चरस तस्करी मामले में लंबे समय से फरार सहआरोपी धराया

क्राइम ब्रांच ने दो किलो से अधिक चरस तस्करी के पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे सह-आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी…

चरस तस्करी मामले में लंबे समय से फरार सहआरोपी धराया

क्राइम ब्रांच ने दो किलो से अधिक चरस तस्करी के पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे सह-आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से ही पुलिस से बचकर छिपता फिर रहा था।

इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त अंतर-जिला तस्करों और उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच इंदौर को यह बड़ी कामयाबी मिली है। मामला पिछले साल सितंबर 2025 का है, जब क्राइम ब्रांच की टीम ने पोलोग्राउंड पुल के पास, एमआर 04 रोड पर घेराबंदी कर आरोपी साकिर हुसैन निवासी चंदन नगर को 2.241 किलोग्राम अवैध चरस, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है, के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। उस दौरान आरोपी के खिलाफ थाना अपराध शाखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। गिरफ्तार आरोपी साकिर हुसैन से ड्रग्स के नेटवर्क के संबंध में पुलिस द्वारा लगातार कड़ाई से पूछताछ और विवेचना की जा रही थी। जांच के दौरान यह महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि इस अवैध मादक पदार्थ की तस्करी और सप्लाई चेन में चंदन नगर निवासी अजीम उर्फ अज्जू भी मुख्य रूप से शामिल था। घटना के सामने आने के बाद से ही आरोपी अजीम पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था और छिपकर रह रहा था। क्राइम ब्रांच की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और अपने मजबूत मुखबिर तंत्र का उपयोग करते हुए आखिरकार फरार चल रहे सह-आरोपी अजीम उर्फ अज्जू को धरदबोचा। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आठवीं तक पढ़े और दीवार पेंटिंग का काम करने वाले आरोपी अजीम के खिलाफ पूर्व से थाना छत्रीपुरा में जुआ एक्ट के तहत भी आपराधिक प्रकरण दर्ज है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 का इजाफा करते हुए आरोपी अजीम को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और अब उसके अन्य सप्लायरों व नेटवर्क की तलाश की जा रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 10 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 10 November 2026, पृष्ठ 12