इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के ग्राम अलवासा तालाब पर मछली पकड़ने के अधिकार को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। तालाब में अवैध रूप से मछली पकड़ रहे लोगों को जब स्थानीय व्यक्ति ने रोका, तो बात इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और गाली-गलौज की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना ग्राम अलवासा तालाब के पास की है। फरियादी बाबुलाल पिता अम्बाराम गोड, निवासी ग्राम अलवासा ने पुलिस को बताया कि वे तालाब के पास मौजूद थे, तभी उन्हें कुछ लोग तालाब में मछली पकड़ते हुए दिखाई दिए। जब बाबुलाल ने उनके पास जाकर पूछा कि 'तुम यहाँ मछली क्यों पकड़ रहे हो, यह तो हमारी मछली है? इस पर मछली पकड़ रहे लोगों ने जवाब दिया कि उन्हें राकेश नामक व्यक्ति ने मछली पकड़ने के लिए कहा है। इसके बाद बाबुलाल ने मोबाइल फोन पर राकेश से संपर्क कर बात की, लेकिन राकेश फोन पर ही उनसे विवाद करने लगा और धमकाने लगा। मामला यहीं शांत नहीं हुआ, बल्कि कुछ ही देर बाद राकेश का बेटा हेमंत अपने साथियों महेश और अमन सभी निवासी ग्राम रेवती रेंज के साथ तालाब पर आ धमका। हेमंत वहाँ पहुँचते ही मछली पकड़ने की बात को लेकर गालियां देने लगा। जब बाबुलाल ने उसे गाली देने से मना किया, तो हेमंत ने उनके साथ हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 10 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



