मंगलवार, 10 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

आड़ा बाजार में लगी आग से मचा हड़कंप

आतिशबाजी की चिंगारी से मल्टी और कचरे में सुलग उठी आग, दो घंटे की मशक्कत से पाया काबू

इंदौर। राजवाड़ा के समीप आड़ा बाजार क्षेत्र में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मल्टी की छत और पीछे पड़े कचरे के ढेर में अचानक भीषण आग भड़क उठी। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि सुबह सड़क पर की गई आतिशबाजी की उड़ी चिंगारी से यह हादसा हुआ। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को करीब 16 हजार लीटर पानी का उपयोग करना पड़ा।

घटना सुबह करीब 6:30 बजे राजबाड़ा क्षेत्र स्थित आड़ा बाजार की है। यहाँ आदिश्वर बैंगल्स दुकान वाली मल्टी की छत पर अचानक आग लग गई, जिससे चारों तरफ धुआं फैल गया। इसी दौरान मल्टी के पीछे पड़े कचरे के ढेर में भी भीषण आग भड़क उठी। अचानक हुई इस घटना से आसपास के रहवासियों और दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई और डरे-सहमे लोग तुरंत अपने घरों से सुरक्षित बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां तत्काल मौके पर रवाना हुईं। दमकल कर्मियों ने स्थानीय नागरिकों की मदद से मोर्चा संभाला और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग बुझाने के लिए लगभग 16 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल करना पड़ा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 10 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 10 November 2026, पृष्ठ 12