सात साल तक देश के सबसे स्वच्छ शहर का खिताब अपने नाम रखने वाले इंदौर की स्वच्छता की बादशाहत अब खत्म हो गई है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के बुधवार को घोषित परिणामों में इंदौर को बड़ा झटका लगा है। शहर अब न तो स्वच्छता सुपर लीग का हिस्सा है और न ही देश के सबसे स्वच्छ शहर की श्रेणी में अपनी पुरानी पहचान बरकरार रख पाया है। हालांकि, इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में पुरस्कार हासिल करने का सिलसिला बनाए रखा है, लेकिन सबसे बड़े तमगे से बाहर होना शहर की ब्रांडिंग और निवेश की संभावनाओं के लिहाज से नुकसानदायक माना जा रहा है।
इंदौर की पहचान केवल साफ सड़कों और कचरा प्रबंधन तक सीमित नहीं रही। देशभर में निवेशकों के सामने शहर की सबसे बड़ी उपलब्धि स्वच्छता ही होती थी। इन्वेस्टर समिट से लेकर औद्योगिक और तकनीकी आयोजनों तक इंदौर को सबसे स्वच्छ शहर के रूप में प्रस्तुत किया जाता था। इसका असर निवेशकों के भरोसे और शहर की छवि पर भी पड़ता था।
निवेशकों के सामने कमजोर होगी ब्रांडिंग
बीते दिनों इंदौर में सेमीकंडक्टर क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और अर्बन कॉन्क्लेव जैसे बड़े आयोजन हुए। इनमें बेंगलुरु, नोएडा, हैदराबाद, चेन्नई और पुणे से आए विशेषज्ञों ने शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश की संभावनाओं में रुचि दिखाई। ऐसे आयोजनों में इंदौर की स्वच्छता उसकी सबसे बड़ी ताकत के रूप में सामने आती रही है। अब इस उपलब्धि से बाहर होने का असर शहर की ब्रांडिंग पर पड़ सकता है।
उनका कहना है कि इस बार पुरस्कारों का क्रम तो बरकरार रहा, लेकिन सुपर स्वच्छता लीग और सबसे स्वच्छ शहर की श्रेणी से बाहर होना निराशाजनक है। शहर का विकास जारी है, लेकिन बढ़ते विस्तार के साथ सफाई के संसाधन और मैनेजमेंट भी बढ़ाने होंगे। इंदौर दोबारा अपना मुकाम हासिल कर सकता है, लेकिन तब तक ब्रांडिंग और निवेश पर असर दिखाई दे सकता है।
वहीं अब इंदौर के सामने चुनौती सिर्फ पुरस्कार वापस पाने की नहीं, बल्कि अपनी उस पहचान को बचाने की है, जिसने उसे देश के दूसरे शहरों के लिए स्वच्छता का मॉडल बनाया था।
इंदौर के सामने अब पांच बड़ी चुनौतियां
1. ब्रांडिंग को झटका: सबसे स्वच्छ शहर का तमगा नहीं रहेगा।
2. निवेशकों का भरोसा: शहर की पुरानी पहचान कमजोर होगी।
3. सफाई का विस्तार: बढ़ती आबादी के अनुपात में संसाधन बढ़ाने होंगे।
4. मैदानी निगरानी: कचरा, खाली प्लॉट और अव्यवस्थाओं पर सख्ती जरूरी।
5. 2016 जैसी मेहनत: सफाई व्यवस्था और प्रबंधन में फिर बड़े बदलाव करने होंगे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 12 November 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






