मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
व्यापार

सस्ते में माल देने का लालच देकर 25 लाख ठगे

होटल में बुलाया और रुपयों से भरा बैग हड़पा खाली बैग थमाया

विजयनगर थाना क्षेत्र में ठगों ने एक व्यापारी को सस्ते दामों पर फाइबर का माल उपलब्ध कराने का लालच देकर 25 लाख रुपए की नकदी ठग ली। शातिर आरोपियों ने व्यापारी को एक होटल में बुलाया और पैसों का ब्रीफकेस अपने पास रखकर उसमें खाली बैग और डायरियां थमाकर रफूचक्कर हो गए।

पुलिस के अनुसार, यह वारदात गत 16 सितंबर को हुई थी, जब फाइबर कंपनी के संचालक फरियादी अंकुर शर्मा की मोबाइल पर आरोपियों से बातचीत हुई थी। आरोपियों ने उन्हें कम कीमत पर फाइबर दिलाने का सौदा तय किया था। इसके बाद 10 अक्टूबर को आरोपी इंदौर पहुंचे और उन्होंने विजयनगर स्थित होटल वॉव क्रिसेंट के कमरा नंबर 617 में व्यापारी के भाई संतोष तिवारी को 25 लाख रुपए नकद लेकर बुलाया। फरियादी के भाई जब पैसे लेकर होटल पहुंचे, तो आरोपियों ने उनसे 25 लाख रुपए का ब्रीफकेस ले लिया और कहा कि एक घंटे के भीतर ट्रांसपोर्ट नगर में माल की डिलीवरी हो जाएगी और रुपए भी वहीं देने होंगे। इसके बाद आरोपियों ने वही ब्रीफकेस वापस उनके भाई को थमा दिया। जब भाई दुकान पहुंचे और ट्रांसपोर्ट नगर जाने के लिए निकले, तो आरोपियों का फोन बंद मिलने पर उन्हें संदेह हुआ। ब्रीफकेस खोलकर देखने पर उसमें रुपए की जगह सिर्फ एक बैग और कुछ डायरियां मिलीं। जब तक वे वापस होटल पहुंचे, आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। विजयनगर थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी रामचंद्र मलिक और अनिल कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 13 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 12