इंदौर। विधानसभा पांच की स्कीम 140 रोड़ वाली दूसरी आदर्श सड़क की भी अनदेखी हो रही है। जहां पिछले साल लाखों रुपए खर्चकर विधायक महेंद्र हार्डिया और क्षेत्रीय पार्षद राजीव जैन के प्रयासों से निगम ने पिपलियाहाना तालाब और आसपास की मुख्य सड़क के साथ फुटपाथ संवारकर लाखों रुपए खर्चकर शहर की पहली पलासिया क्षेत्र की आदर्श सड़क के जैसी साज सजावट और संवारने का काम किया था। अब उसी पिपलियाहाना क्षेत्र की स्कीम 140 मेनरोड वाली आदर्श सड़क की अनदेखी होने लगी है। हालत यह है कि वैष्णों धाम मंदिर के सामने और अन्य जगह फुटपाथ पर निजी ट्रैवल्स की बसें और कारों की पार्किंग कर अवैध पार्किंग अड्डा बना रखा है। जिसके कारण शाम के समय यहां अक्सर जाम जैसे हालात बन रहे है। उसके बावजूद कोई भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहा है।
विधानसभा पांच के पलासिया क्षेत्र में बनी थी पहली आदर्श रोड-
गौरतलब है कि करीब 8-9 साल पहले विधानसभा पांच के पलासिया क्षेत्र में विधायक महेंद्र हार्डिया, तत्कालीन पार्षद दिलीप शर्मा के प्रयासों से निगम द्वारा लाखों रुपए खर्चकर शहर की पहली आदर्श सड़क बनाई गई थी। जिस पर आकर्षक लाइटिंग के साथ आकर्षक साज-सजावट और सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए थे। यही नहीं इस साफ-सुथरी आदर्श सड़क पर लोगों ने जनप्रतिनिधियों के आह्वान पर टिफिन पार्टी भी की थी। जिसकी वर्तमान में हालत बेहद खराब है। लाखों खर्च के बाद भी अनदेखी का शिकार उक्त आदर्श सड़क की स्थिति बेहद चिंताजनक और खराब है। वहीं जबकि उसके बाद निगम ने पिपलियाहाना क्षेत्र में भी स्कीम 140 रोड़ को आदर्श बनाने के लिए विधायक और पार्षद के साथ क्षेत्र की जनता की मांग पर आकर्षक सैल्फी प्वाइंट, फुटपाथ पर डिजाइनर बेचें लगाने और चार्जिंग स्टेशन की सुविधा, माय बाईक सायकिल स्टैंड और तालाब के पास फुटपाथ पर ग्रीनरी के लिए पेड़-पौधों के आकर्षक गमले भी रखवाए गए थे। लेकिन अब हालत यह है कि स्कीम 140 वाले लगभग 2 किलोमीटर लंबे रोड पर फुटपाथ पर पार्किंग ना हो उसके लिए भी व्यवस्था की गई थी। जहां जिम्मेदारों के ध्यान नहीं देने से बसों और कारों की पार्किंग शुरू हो गई है। जिसको लेकर लोग शिकायत कर रहे है। रहवासियों का कहना है कि इस आदर्श सड़क की भी पलासिया सड़क जैसी हालत न हो जाए इसलिए अधिकारी ध्यान दे और पार्किंग करने वालों पर कार्यवाही हो।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 20 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



