रविवार, 22 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

250 करोड़ की भूमि और 25 करोड़ के दानदाता का मामला अब संतों के हस्तक्षेप से बदले समीकरण!

जैन दिवाकर संप्रदाय के साधु भगवंतों ने स्पष्ट किया- न संस्था का उद्देश्य बदलेगा, न नाम, दान की जरूरत होगी तो समाज आगे आएगा

इंदौर (अक्षय जैन)। जैन दिवाकर विद्या निकेतन को लेकर चल रहा विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। करीब 250 करोड़ रुपए मूल्य की बताई जा रही संस्था की भूमि और 25 करोड़ रुपए के दानदाता से जुड़े प्रस्ताव को लेकर उठे सवालों के बीच अब जैन दिवाकर संप्रदाय के साधु भगवंतों का हस्तक्षेप सामने आया है। संतों के रुख के बाद संस्था के कर्ताधर्ताओं के सामने भी स्थिति पहले से अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, जैन दिवाकर संप्रदाय के साधु भगवंतों ने इस पूरे मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा है कि जैन दिवाकर विद्या निकेतन की स्थापना जिन उद्देश्यों और भावनाओं के साथ हुई थी, उनमें किसी तरह का बदलाव स्वीकार नहीं किया जा सकता। संस्था का नाम और मूल उद्देश्य यथावत रहना चाहिए। दानदाता की आवश्यकता के नाम पर संस्था की पहचान, स्वायत्तता और मूल भावना से समझौता नहीं होना चाहिए। संतों का स्पष्ट संदेश बताया जा रहा है कि यदि संस्था को आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है तो समाज सक्षम है। जरूरत पड़ने पर समाज के दानदाता आगे आएंगे। लेकिन दान किसी व्यक्ति विशेष के हित, अधिकार अथवा निजी व्यवस्था के लिए नहीं, बल्कि गुरुजनों के सम्मान और उनके द्वारा स्थापित शैक्षणिक एवं सामाजिक उद्देश्य की पूर्ति के लिए होना चाहिए। दरअसल, इस पूरे विवाद में शुरुआत से ही कई सवाल उठ रहे हैं। संस्था के नाम और उद्देश्य में बदलाव, प्रबंधन व्यवस्था में बाहरी हस्तक्षेप, ट्रस्टियों के मनोनयन और कथित समझौतों को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में असहमति की आवाजें सामने आई हैं। अब संप्रदाय के संतों का रुख सामने आने के बाद यह मामला केवल ट्रस्टियों अथवा प्रबंधन का आंतरिक विषय नहीं रह गया है, बल्कि गुरु परंपरा, समाज की भावनाओं और संस्था की मूल विरासत से जुड़ा विषय बन गया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 21 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 21 November 2026, पृष्ठ 4