रविवार, 22 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

25 करोड़ के प्रस्ताव के बीच जैन दिवाकर विद्या निकेतन का भविष्य सवालों के घेरे में

क्या समाज के सहयोग से संचालित शिक्षण संस्थान की बागडोर उद्योगपति और गैर-जैन साझेदारी के हवाले करने की तैयारी थी? इस्तीफों से लेकर नए प्रबंधन के प्रस्ताव तक उठ रहे हैं कई सवाल

25 करोड़ के प्रस्ताव के बीच जैन दिवाकर विद्या निकेतन का भविष्य सवालों के घेरे में

इंदौर (अक्षय जैन)। जैन दिवाकर विद्या निकेतन को लेकर उठे विवाद ने अब स्थानकवासी जैन समाज में गंभीर बहस का रूप ले लिया है। यह विवाद केवल एक बेशकीमती जमीन या शिक्षण संस्थान के प्रबंधन का नहीं, बल्कि उस सामाजिक भावना, गुरु प्रेरणा और दानदाताओं के विश्वास का भी है, जिसके आधार पर इस संस्थान की नींव रखी गई थी। समाजजनों के बीच चर्चा है कि पूज्य केवल मुनि महाराज की प्रेरणा से जैन दिवाकर विद्या निकेतन की स्थापना का उद्देश्य समाज हित और शिक्षा सेवा था। इस भूमि का मूल आवंटन जैन सेवा संस्थान (जैन माध्यमिक शिक्षण संस्थान) को शैक्षणिक गतिविधियों के लिए हुआ था। बाद में पूज्य केवल मुनि महाराज की प्रेरणा से इसे जैन दिवाकर विद्या निकेतन ट्रस्ट को सौंपा गया। उस दौर में गुरु भक्तों, श्रावकों और समाज की विभिन्न संस्थाओं ने उदारतापूर्वक सहयोग देकर इस परियोजना को आकार दिया। लेकिन अब संस्थान के भविष्य को लेकर सामने आ रही चर्चाओं ने कई पुराने सवाल फिर खड़े कर दिए हैं। समाज के कुछ लोगों का आरोप है कि वर्तमान नेतृत्व संस्थान के मूल सामाजिक उद्देश्य की बजाय व्यावसायिक प्रबंधन की संभावनाओं को प्राथमिकता दे रहा है। चर्चा है कि एक उद्योगपति दानदाता की ओर से 25 करोड़ रुपये निवेश करने के प्रस्ताव के साथ प्रबंधन में अपनी भूमिका और चार ट्रस्टियों को नामित करने की शर्त सामने आई। साथ ही किसी अन्य शैक्षणिक संस्था, जिसके गैर-जैन प्रबंधन से जुड़ने की बात कही जा रही है, के साथ साझेदारी की योजना पर भी विचार हुआ।

इस प्रस्ताव के समानांतर संस्थान से जुड़े एक वरिष्ठ व्यक्ति ने समाज के भीतर से ही आर्थिक सहयोग जुटाने का विकल्प रखा। उनके सुझाव के अनुसार, समाज में दानदाताओं की कोई कमी नहीं है। यदि 21 समाजसेवी और दानदाता सवा-सवा करोड़ रुपये का सहयोग दें तो 26.25 करोड़ रुपये की राशि एकत्र हो सकती है। ऐसे दानदाताओं को ट्रस्ट के बोर्ड में प्रतिनिधित्व देकर स्कूल का संचालन समाज की अपनी प्रबंधन समिति के माध्यम से किया जा सकता है। इस विकल्प को समाज की भागीदारी और संस्थान की मूल पहचान सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण सुझाव माना जा रहा है। इसी बीच सबसे गंभीर सवाल सभी ट्रस्टियों के इस्तीफों को लेकर उठ रहे हैं। समाजजनों के अनुसार, ट्रस्टियों से सादे कागजों पर इस्तीफे लिए जाने की प्रक्रिया अपनाई गई। आखिर ऐसी क्या परिस्थिति बनी कि सभी ट्रस्टियों के इस्तीफे एक साथ लेने की जरूरत महसूस हुई? क्या यह किसी नए प्रबंधन ढांचे की तैयारी थी या इसके पीछे कोई अन्य संस्थागत योजना थी? इन सवालों का स्पष्ट जवाब अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है। विवाद की अंदरूनी चर्चाएं सार्वजनिक होने और गुरु भक्तों तथा समाजजनों का विरोध मुखर होने के बाद ट्रस्ट से जुड़े प्रमुख सदस्य रमेश भंडारी की ओर से आश्वासन देकर स्थिति शांत करने के प्रयास किए जाने की बात भी सामने आ रही है। लेकिन समाज का एक वर्ग अब केवल मौखिक आश्वासनों से संतुष्ट होने को तैयार नहीं है। उसकी मांग है कि प्रस्तावों, इस्तीफों और भविष्य की कार्ययोजना को सार्वजनिक किया जाए। दरअसल, सवाल 25 करोड़ रुपये के निवेश का विरोध करने या किसी दानदाता की उदारता पर संदेह करने का नहीं है। सवाल यह है कि क्या किसी एक दानदाता के आर्थिक सहयोग के बदले संस्थान के प्रबंधन और निर्णय प्रक्रिया पर विशेष अधिकार दिए जाने चाहिए? क्या समाज के सामूहिक सहयोग से खड़े हुए संस्थान का भविष्य कुछ व्यक्तियों के बीच तय होना उचित है? जैन दिवाकर विद्या निकेतन किसी व्यक्ति या उद्योगपति की निजी परियोजना नहीं, बल्कि गुरु प्रेरणा, समाज के विश्वास और दानदाताओं की आस्था की धरोहर है। आज इस भूमि की कीमत 200 करोड़ से अधिक हो गई है। ऐसे में 25 करोड़ के बदले किसी के निजी प्रबंधन को इसका संचालन अधिकार देना अनुचित होगा। यदि इसका विकास करना है तो समाज को विश्वास में लेकर, पारदर्शी प्रक्रिया और स्पष्ट शर्तों के साथ ही आगे बढ़ना चाहिए। अन्यथा आज उठ रहे सवाल कल समाज के भीतर गहरे अविश्वास का कारण बन सकते हैं।

अब समाज की निगाहें वर्तमान नेतृत्व पर हैं कि वह आरोपों और आशंकाओं का जवाब दस्तावेजों के साथ देगा या फिर संस्थान के भविष्य को लेकर उठती आवाजों को केवल आश्वासनों से शांत करने की कोशिश जारी रहेगी।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 20 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 20 November 2026, पृष्ठ 8