रविवार, 22 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

गुरुनानक देवजी के प्रकाश पर्व पर प्रभातफेरियां इमली साहेब गुरुद्वारा पहुंचीं

गुरुनानक देवजी के प्रकाश पर्व से पहले प्रभातफेरियां इमली साहेब गुरुद्वारा पहुंचीं, रविवार सुबह 11.30 बजे निकलेगा नगर कीर्तन।

गुरुनानक देवजी के प्रकाश पर्व पर प्रभातफेरियां इमली साहेब गुरुद्वारा पहुंचीं
गुरुनानक देवजी के प्रकाश पर्व पर प्रभातफेरियां इमली साहेब गुरुद्वारा पहुंची (फोटो: सिटी ब्लास्ट)

गुरुनानक देवजी का प्रकाश पर्व 24 नवम्बर को मनाया जाएगा। 14 नवम्बर से अलग-अलग गुरुद्वारा क्षेत्र में कार्यक्रम हो रहे हैं, प्रभातफेरियां भी निकाली जा रही हैं। आज सुबह अलग-अलग गुरुद्वारा क्षेत्र से निकली प्रभातफेरियां सिख समाजजनों की कीर्तन भक्ति के साथ निकाली गईं, जो यशवंत रोड स्थित इमली साहेब गुरुद्वारा पहुंचींं, जहां प्रभातफेरियों का स्वागत किया गया। सिख समाजजनों का पुष्प वर्षा कर और फूलमाला पहनाकर गुरुद्वारा के बाहर स्वागत किया गया। गुरुसिंह सभा के हरपालसिंह भाटिया, प्रीतपालसिंह भाटिया ने बताया कि संगत के लिए पिन्नी, दूध और पोहे की विशेष व्यवस्था की गई। आज की प्रभातफेरी के बाद अब कल रविवार को बड़ा नगर कीर्तन सुबह 11.30 बजे से निकाला जाएगा, जो इमली साहेब यशवंत रोड से प्रारंभ होकर राजवाड़ा, एमजी रोड, रीगल तिराहा, आरएनटी मार्ग, पटेल ब्रिज से वापस जवाहर मार्ग होते हुए फिर से गुरुद्वारा इमली साहेब यशवंत रोड पहुंचेगा। बहुत बड़ी संख्या में सिख समाजजन इस नगर कीर्तन में शामिल होंगे। पालकी सजावट की जिम्मेदारी विष्णुपुरी गुरुद्वारा के जिम्मेदारों को दी गई है। इंदौर के सभी गुरुद्वारों के अलावा राऊ और बेटमा की संगत भी नगर कीर्तन में शामिल होगी। नगर कीर्तन में गुरुबाणी कीर्तन किए जाएंगे। पुरुष सफेद वस्त्र और बसंती पगड़ी में और महिलाएं सफेद सूट व बसंती दुपट्टा धारण कर शामिल होंगी। सिख समाजजन केसरिया पगड़ी और केसरिया दुपट्टा भी धारण कर सकते हैं। यह भी कहा कि यातायात व्यवस्था ठीक रहे इसलिए आधा हिस्सा यातायात के लिए चालू रखा जाएगा। वाहनों के लिए पास गुरुसिंह सभा जारी कर रही है, जो वाहनों पर लगाना अनिवार्य है। तेज आवाज वाले मोडिफाइड साइलेंसर प्रतिबंधित किए गए हैं। छोटे वाहनों पर म्यूजिक सिस्टम लगाए जाएंगे। सभी जत्थों के साथ दोनों ओर रस्सियां और सेवादारों की व्यवस्था रहेगी, जिससे अनुशासन बना रहे। सिख समाज के सेवादार इस नगर कीर्तन के अंतिम छोर पर स्वच्छता सेवा करते चलेंगे, जिससे रोड की सफाई रहे।

गुरुनानक देवजी के प्रकाश पर्व पर प्रभातफेरियां इमली साहेब गुरुद्वारा पहुंचीं (फोटो: सिटी ब्लास्ट)
गुरुनानक देवजी के प्रकाश पर्व पर प्रभातफेरियां इमली साहेब गुरुद्वारा पहुंचीं (फोटो: सिटी ब्लास्ट)

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 21 November 2026 के अंक में पृष्ठ 6 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 21 November 2026, पृष्ठ 6