आज देवउठनी ग्यारस पर चार माह बाद भगवान श्रीहरि विष्णु के उठने का दिन है और आज से शुभ और मांगलिक कार्य की शुरुआत होगी। आज कुछ जगह विवाह के आयोजन भी हो रहे हैं। वहीं आज शाम तुलसाजी-भगवान शालिग्राम विवाह का आयोजन भी हिन्दू समाज के घरों में शाम से लेकर रात तक आयोजित किए जाएंगे। आज छोटी दीपावली के रूप में उत्सव मनाया जाएगा, आज घरों में रोशनी होगी, पटाखे भी छोड़े जाएंगे, कई दुकानों पर आज समई भी लगाई जाएगी। आज छोटी दिवाली से विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो रही है। आज मंदिरों में भी देवउठनी ग्यारस पर आयोजन हो रहे हैं। मंदिरों एवं घरों में भी तुलसाजी- शालिग्राम विवाह के आयोजन शाम को होंगे। मंदिरों में बैण्ड-बाजे ढोल नगाड़ों के साथ मंत्रोच्चार के बीच भगवान को शयन से जगाया गया। यह क्रम सुबह से शुरू हुआ जो शाम तक जारी रहेगा, मंदिरों में भी आतिशबाजी होगी, रोशनी भी की गई है। श्री गेन्देश्वर द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर (शिवधाम) परदेशीपुरा पर भी आज आयोजन हो रहे हैं। आज देव दिवाली पर तांडव आरती भी होगी। ढोल-ढमाके भी बजाए जाएंगे, विवाह उत्सव भी होगा और आतिशबाजी भी की जाएगी। वहीं विद्याधाम मंदिर बिजासन रोड पर शाम को तुलसाजी भगवान शालिग्राम का विवाह आयोजन होगा। बारात चल समारोह का आयोजन भी होगा। देवउठनी ग्यारस में लगने वाले गन्ने सहित पूजन सामग्री की दुकान जगह-जगह लगी हुई है। दो-दो तिथियों के त्योहार होने से भी श्रद्धालु और आम लोग भ्रमित हैं, आज बड़ी तादाद में सुबह से देव उठनी ग्यारस के आयोजन हो रहे हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 20 November 2026 के अंक में पृष्ठ 7 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



