सांवेर विधानसभा के शहरी वार्ड 35 से नगर निगम चुनाव की तैयारी कर पार्षद के दावेदार राजा टोनेरे इस वार्ड में लगातार सक्रिय रहते हैं। पूर्व में भी टोनेरे ने मंत्री और निगम अधिकारियों को सुझाव दिए थे। टोनेरे ने बताया कि मंत्री तुलसीराम सिलावट और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल को सुझाव भेजा गया है। इस बार पेड़ों की कटाई के कारण कम बारिश हुई है, जिसके कारण निकट भविष्य में पीने के पानी की भारी किल्लत हो सकती है। जल संकट ज्यादा न हो और जनता को पानी के लिए तरसना न पड़े इसलिए सुझाव दिए गए हैं कि पानी की कमी पर ध्यान देते हुए अभी से व्यवस्था करना शुरू कर देना चाहिए। जनहित में उचित मुआवजा देकर शहर के सारे गाड़ी वाशिंग सेंटर, फव्वारे, शासकीय और निजी सारे स्विमिंग पूल कुछ महीनों के लिए बंद कर देना चाहिए, पानी बेचने वाले निजी बोरिंग और हाइड्रेंटों को भी अधिग्रहित कर लेना चाहिए ताकि जनता को पानी के लिए परेशान होना न पड़े। जैसे कचरा गाड़ियों में जीपीएस लगा है वैसे ही निगम के टैंकरों पर भी जीपीएस लगा होना चाहिए ताकि पानी कब कहां दिया जा रहा है उसकी सही जानकारी निगम को रहे, सारे हाइड्रेंट पर कैमरे लगवाए जाएं ताकि कौन सा टैंकर कितनी बार भरा गया है, निजी टैंकर तो नहीं भरे जा रहे हैं ये भी जानकारी निगम को रहे। उक्त सुझाव जल संकट की घड़ी में जनता को कुछ राहत दे सकते हैं। टोनेरे ने पूर्व में लिखित सुझाव दिया था कि बारिश के पहले बड़े स्तर पर पौधारोपण और भूमिगत जल स्तर बढ़ाने के लिए सोख के गड्ढे बनाए जाएं, लेकिन शायद जनहित की बातों पर ध्यान देने की फुरसत ही नहीं है जनप्रतिनिधियों और अन्य जिम्मेदारों के पास। उक्त पूर्ण जानकारी वार्ड 35 से पार्षद के दावेदार राजकुमार टोनेरे राजा ने दी।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 21 November 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



