प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एडवोकेट प्रमोद द्विवेदी ने सवाल उठाया कि जिस कृष्णबाग कॉलोनी में कल कई मकान अवैध बताकर तोड़े गए उनमें से एक मकान में मोबाइल टॉवर लगा था वह मोबाइल टॉवर अवैध मकान में कैसे लग गया था। द्विवेदी ने यह भी कहा कि कृष्णबाग मामले में जो-जो दोषी अधिकारी है उन्हें सजा मिलना चाहिए, यह सजा उन्हें कब मिलेगी। न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई हो गई, लेकिन पहले अधिकारियों ने कैसे इन मकानों की स्वीकृति दी और एक मकान पर तो मोबाइल टॉवर की स्वीकृति दे दी। इस मामले में निगम और जिला प्रशासन के अधिकारियों पर भी तत्काल कार्रवाई होना चाहिए। द्विवेदी ने सवाल उठाया कि इंदौर एवं मप्र में मोबाइल टॉवर बहुत-सी जगह पर गैर कानूनी ढंग से, बिना अनुमति के लगाए गए हैं तो बहुत सी जगहों पर कमजोर एवं सालों पुराने भवनों पर लगाए गए हैं। हालात यह है कि इंदौर एयरपोर्ट के टनल क्षेत्रों में अवैध मोबाइल टॉवर लगे हुए हैं। द्विवेदी ने कहा कि नगर निगम इंदौर ने कुल 173 मोबाइल टॉवर की अनुमति दी है, ऐसी सूची जिला पंजीयक को दी है शेष क्या अवैध है, तो फिर अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं, जबकि मोबाइल कम्पनी भी पूरे कागजात चेक करवाने के बाद ही टॉवर लगाती है। द्विवेदी ने कहा कि कृष्ण बाग में मोबाइल टॉवर सही लगा था या गलत इसकी भी जांच होना चाहिए। द्विवेदी ने सवाल यह भी उठाया कि गृह निर्माण सहकारी संस्था सहकारिता अधिनियम अनुसार आवासहीन सदस्यों खातिर भूमि खरीदती है वह बिना सदस्यों की साधारण सभा किए सहकारिता विभाग की विधिवत अनुमति प्राप्त किए किसी बिल्डर या अन्य को भूमि नहीं बेच सकती तो सवाल यहां सहकारिता विभाग आगे तक अदालत की लड़ाई क्यों नहीं लड़ा? मुद्रांक एवं पंजीयन विभाग ने गृह निर्माण सहकारी संस्था की रजिस्ट्री पर स्टाम्प ड्यूटी क्यों नहीं ली, नोटिस जारी क्यों नहीं किया, सिलिंग प्रभावित भूमि थी तो जिला कलेक्टर कार्यालय ने गृह निर्माण सहकारी संस्था को नोटिस जारी क्यों नहीं किया। द्विवेदी ने कहा कि आईडीए की जमीन पर अवैध ढंग से कॉलोनी काटी गई और आखिर में न्यायालय ने कार्रवाई करने के आदेश दिए।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 24 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





