शनिवार, 24 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

विजयवर्गीय का गुरूर… मेरे जैसा विधायक नहीं है और न ही होगा!

मंत्री ने फिर अपने ही पार्टी के विधायकों पर उठा दिया सवाल

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय कई बार ऐसे बयान देते हैं वे अपनी ही पार्टी के जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठा देते हैं। कल उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि मैं जब तक विधायक हूं, काम करवा लो, मेरे जैसा विधायक बार बार नहीं मिलता। विजयवर्गीय के इस बयान के बाद अब चर्चाओं का दौर है कि क्या विजयवर्गीय के अलावा कोई जनप्रतिनिधि विकास नहीं करता है क्या, या फिर केवल विजयवर्गीय ही काम करवा सकते हैं। कल हुए कार्यक्रम में विजयवर्गीय ने इशारा भी किया कि अब वे विधायक नहीं बनेंगे या फिर एक नंबर से विधायक नहीं बनेंगे। हालांकि जब विजयवर्गीय को विधानसभा एक से पार्टी ने प्रत्याशी बनाया था तब भी उन्होंने यही कहा था कि चुनाव लड़ने का कोई मूड नहीं है। इसके बाद कल उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि जब तक मैं विधायक हूं तब तक विकास कार्य जितने भी करवाना है करवा लो। विजयवर्गीय के इस बयान के कई मतलब निकलते हैं जिसमें मुख्य चर्चा इस बात की है कि क्या विजयवर्गीय के पहले यहां से जो विधायक रहे हैं उन्होंने विकास नहीं किया, जबकि संजय शुक्ला को छोड़ उससे पहले 10 साल तक भाजपा के ही विधायक विधानसभा 1 में थे। वहीं दूसरा मायना यह है कि क्या आने वाले चुनाव में जो भी भाजपा का प्रत्याशी होगा, विधायक बनेगा वह विकास नहीं करेगा। एक ओर राजनीतिक गलियारों में चर्चा यह भी है कि विधानसभा 1 से संभवतः आकाश विजयवर्गीय अगले चुनाव में प्रत्याशी होंगे। विजयवर्गीय के इस बयान से अब बेटे आकाश पर भी प्रश्नचिन्ह लग रहा है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 October 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 24 October 2026, पृष्ठ 3