प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कुशवाह नगर में सड़क के निर्माण का भूमि पूजन करते हुए घोषणा की है कि कालानी नगर चौराहे पर फ्लाई ओवर ब्रिज बनाया जाएगा। इस चौराहे पर यातायात की खराब स्थिति को सुधारने के लिए इस ब्रिज की आवश्यकता है। कुशवाहा नगर में इंदौर नगर निगम के द्वारा मास्टर प्लान के प्रावधान वाली सड़कों के निर्माण की श्रृंखला में 20 करोड रुपए की लागत से सड़क का निर्माण किया जाना है। इस सड़क को बनाने के साथ ही यहां पर नर्मदा और ड्रेनेज की नई लाइन भी डाली जाना है। कल इस सड़क के निर्माण के भूमि पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक और प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गी ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि वैसे तो इस सड़क का निर्माण कल से ही शुरू होना है। लेकिन दीपावली के त्यौहार को ध्यान में रखते हुए मैंने निर्देश दिया है कि सड़क का काम दीपावली के बाद किया जाए। विजयवर्गीय ने कहा कि वैसे तो मास्टर प्लान में इस सड़क को 80 फीट चौड़ा बनाने का प्रावधान है। उसी हिसाब से सड़क का निर्माण किया जाना चाहिए था। लेकिन इसमें क्षेत्र के लोगों के बहुत ज्यादा मकान टूट रहे थे। उन्होंने वहीं मौजूद एक तीन मंजिला मकान की तरफ इशारा करते हुए कहा कि यदि हम पूरी चौड़ाई में सड़क बनाते तो इस मकान की तीनों मंजिल का हिस्सा टूटता। इसमें मकान का पिलर भी तोड़ना पड़ता। जिससे पूरा मकान टूट जाता। ऐसी स्थिति में हमने अभी इस सड़क को 60 फीट चौड़ाई में ही बनाने का फैसला लिया है। इस मौके पर जनता को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि कालानी नगर चौराहे पर यातायात की स्थिति बहुत ज्यादा खराब हो जाती है। ऐसे में वहां पर फ्लाईओवर ब्रिज बनाया जाना बहुत ज्यादा जरूरी है। मैंने महापौर से कहा है कि कलानी नगर चौराहे पर फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण के लिए योजना तैयार करें और उस पर काम करें।
कैसे बन पाएगा ब्रिज
इंदौर नगर निगम के द्वारा इंदौर शहर में एक भी फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण नहीं किया गया है। शहर में जितने फ्लाईओवर ब्रिज है वह इंदौर विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, सड़क विकास निगम के द्वारा बनाए जा रहे हैं। नगर निगम के द्वारा अपने बजट में धार रोड पर फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण की घोषणा की गई थी। बाद में निगम ने इस काम को करने के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण से आग्रह कर दिया और स्वयं पीछे हट गया। अब प्राधिकरण के द्वारा ही इस ब्रिज के निर्माण की योजना तैयार की गई है। जहां तक एरोड्रम रोड का सवाल है तो इस रोड पर बड़ा गणपति चौराहे पर फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण प्राधिकरण करना चाहता है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 October 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




