शनिवार, 24 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

पार्षद शिवम यादव के वार्ड में 20 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

विधानसभा 1 के वार्ड 17 के पार्षद शिवम यादव के वार्ड में क्षेत्रीय विधायक और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कल 20 करोड़ के विकास कार्य की सौगात दी। इसमें से…

पार्षद शिवम यादव के वार्ड में 20 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

विधानसभा 1 के वार्ड 17 के पार्षद शिवम यादव के वार्ड में क्षेत्रीय विधायक और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कल 20 करोड़ के विकास कार्य की सौगात दी। इसमें से केवल 18 करोड़ से तो मास्टर प्लान की टिगरिया बादशाह से कुशवाह नगर मेंन रोड होते हुए बाणगंगा तक की सड़क बनाई जाना है। वहीं 2 करोड़ की लागत से अमृत 2 योजना की नर्मदा लाइन के कार्य का भी शुभारंभ किया गया। इस सड़क से यातायात को भी राहत मिलेगी। यह काम तत्काल शुरू होना था, लेकिन व्यापारियों ने कहा कि दिवाली बाद शुरू किया जाए, इसलिए काम अब दीपावली के बाद शुरू होगा। महत्वपूर्ण बात यह रही कि इस आयोजन में विधानसभा 1 के कई पार्षद, पार्षदपति भी शुभारंभ अवसर पर मंच की कुर्सी पर मौजूद रहे। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि विधानसभा 1 को हम मॉडल विधानसभा बनाएंगे। पहले कुशवाह नगर को 100 फीट चौड़ा मास्टर प्लान में किया जाना था, लेकिन इसे अब 60 फीट कर दिया गया है। अभी भी कई बाधा इस 60 फीट चौड़ी रोड में बनी हुई है। मंत्री ने कहा कि 100 फीट चौड़ीकरण में कई मकानों को ज्यादा नुकसान हो रहा था इसलिए इसे 60 फीट चौड़ा ही रखा है। मंत्री ने तत्काल ठेकेदार को भी मंच पर बुलाया और कहा कि गुणवत्ता वाली सड़क बनाना चाहिए और दिवाली बाद तेजी से काम शुरू होना चाहिए। मंत्री ने यह भी कहा कि 60 फीट रोड बनने के बाद क्षेत्र की प्रापर्टी की दर में काफी इजाफा होगा और यहां के रहवासी करोड़पति बन जाएंगे। यह रोड टिगरिया बादशाह मेन रोड से कुशवाह नगर होते हुए उज्जैन नाका बाणगंगा तक जाएगा। इससे मरीमाता से लेकर बाणगंगा मेन रोड पर यातायात का दबाव भी कम होगा। 60 फीट रोड की घोषणा से रहवासी खुश हुए और उन्होंने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को फलों से तौल दिया। ढोल-ताशे भी बजाए, आतिशबाजी भी की। पूरा नजारा पार्षद और एमआईसी सदस्य देखते रहे। इनमें से कुछ सुदर्शन गुप्ता समर्थक भी थे। इस दौरान पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता नजर नहीं आए।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 October 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 24 October 2026, पृष्ठ 2