गुरूवार, 22 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

भीड़तंत्र हटाओ के नारे के साथ 1 नवंबर को सड़क पर उतरेगी भाजपा

अब कांग्रेस और जेन जी को जवाब देने के लिए सीधा मोर्चा खोला जाएगा

भीड़तंत्र हटाओ के नारे के साथ 1 नवंबर को सड़क पर उतरेगी भाजपा

भारतीय जनता पार्टी के द्वारा लोकतंत्र बचाओ भीड़ तंत्र हटाओ अभियान की घोषणा की गई है। यह अभियान सीधे तौर पर कांग्रेस के द्वारा भीड़ लेकर किए जा रहे आंदोलन और जेन जी के रूप में युवाओं के द्वारा भीड़ के साथ किए जा रहे आंदोलन का काउंटर है। यह काउंटर करने के लिए भाजपा 1 नवंबर को भीड़ भारत जुलूस निकालकर भीड़ तंत्र का विरोध करेगी।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कॉकरोच जनता पार्टी के द्वारा लगातार किए जा रहे आंदोलन के कारण पूरे देश में बीजेपी परेशान हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इन आंदोलनों में निशाना बनाया जा रहा है। राहुल गांधी के द्वारा देश के अलग-अलग शहरों में छात्रों की गूंज के नाम से कार्यक्रम का आयोजन कर छात्रों की भीड़ जुटाई जा रही है।

जबकि कॉकरोच जनता पार्टी के द्वारा लगातार युवाओं के मुद्दे को लेकर आंदोलन करते हुए बड़ी भीड़ खड़ी की जा रही है। इन दोनों आंदोलन में जो भीड़ जमा हो रही है उसके माध्यम से सरकार पर दबाव बन रहा है और सरकार के विरोध का माहौल भी बन रहा है। इस स्थिति को देखते हुए अब भाजपा ने भी मोर्चा खोल लिया है।

आज से भाजपा के द्वारा लोकतंत्र बचाओ भीड़ तंत्र हटाओ अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान की खासियत यह है कि कांग्रेस का भी पूरा अभियान लोकतंत्र बचाव के नाम पर चल रहा है और भाजपा भी अपने अभियान को लोकतंत्र बचाव के नाम पर ही शुरु कर रही है। इंदौर नगर भाजपा के द्वारा कल बुधवार को शाम को दशहरा मिलन समारोह आयोजित किया गया था।

इस समारोह में यह फैसला लिया गया कि इस अभियान की शुरुआत 1 नवंबर को भाजपा के द्वारा निकाली जाने वाली पदयात्रा के साथ की जाएगी। इस पदयात्रा में ज्यादा से ज्यादा नागरिकों की सहभागिता को सुनिश्चित करने का फैसला लिया गया है। इससे आशय स्पष्ट है की भीड़ तंत्र के विरोध में आंदोलन भीड़ को लेकर ही किया जाएगा।

भीड़ के लिए देंगे लक्ष्य

भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी ने बताया कि 1 नवंबर को मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा के द्वारा इंदौर में पैदल मार्च निकाला जाएगा। इस मार्च में ज्यादा से ज्यादा भीड़ हो सके इसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र को लक्ष्य दिया जाएगा। अभी इस पैदल मार्च का रूट फाइनल नहीं हुआ है। यह रूट जैसे ही फाइनल होता है वैसे ही उस पूरे रूट को हर विधानसभा क्षेत्र में विभक्त करते हुए सभी को अलग-अलग जिम्मेदारी और काम सौपा जाएगा।

आरोपों के जवाब में लगेंगे आरोप

कांग्रेस और कॉकरोच जनता पार्टी के द्वारा लगातार आरोपों की बौछार की जा रही है। इसका कोई जवाब भाजपा की ओर से अभी तक सामने नहीं आ सका है। अब राजनीति का नया दांव खेलते हुए भाजपा के द्वारा भी आरोप के जवाब में आरोप लगाया जाएगा। इस बात का संकेत तो पिछले दिनों उस समय मिल गया था जब भाजपा के आईटी सेल के द्वारा राहुल गांधी के विदेश जाने का वीडियो वायरल किया गया था।

भाजपा की ओर से विमान के अंदर का वीडियो जारी करते हुए दावा किया गया था कि राहुल गांधी लगातार आंदोलन के बाद आराम करने के लिए विदेश चले गए हैं। भाजपा के आरोप में प्रमाणिकता थी। यही कारण है कि कांग्रेस की ओर से जवाब देते हुए कहा गया कि क्या विदेश जाने पर कोई प्रतिबंध है। कांग्रेस के इस जवाब में भाजपा के इस आरोप की पुष्टि हो गई है कि अब कुछ दिनों के लिए आराम करने राहुल गांधी विदेश गए हैं।

इससे इस बात का भी संकेत मिल गया है कि आने वाले दिनों में भाजपा भी आक्रामक रूप अपना कर आरोप के जवाब में आरोप का खेल खेलेगी।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 22 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 22 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 3