अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के द्वारा कल कांग्रेस के देशभर के सचिव बदल दिए गए हैं। नए नियुक्त किए गए सचिव को अलग-अलग राज्य की जिम्मेदारी भी दी गई है। इसमें इंदौर के किसी भी कांग्रेस नेता को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव का पद और किसी राज्य की जिम्मेदारी नहीं मिल पाई है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस में इंदौर संभाग की अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त की गई प्रभारी डॉ. उषा नायडू थीं। उन्हें भी कल किए गए इस परिवर्तन में हटा दिया गया है। इंदौर के कांग्रेस नेता नायडू के व्यवहार के कारण बहुत ज्यादा परेशान थे। नायडू के द्वारा कांग्रेस को ताकतवर बनाने के बजाय नेताओं को कमजोर करने में ज्यादा रुचि ली जा रही थी। ऐसी स्थिति में जब कल रात को किए गए परिवर्तन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के द्वारा नायडू को हटाने का फैसला लिया गया तो इंदौर के कांग्रेस नेता खुश हो गए।
इसके साथ ही कल देश भर के कांग्रेस के जो सचिव नियुक्त किए गए हैं और उन्हें जो अलग-अलग राज्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है उसमें इंदौर का एक भी नेता शामिल नहीं है। पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा धाकड़ और ताकतवर समझे जाने वाले इंदौर के कांग्रेस नेताओं को राष्ट्रीय टीम के द्वारा नकार दिया गया है। इन नेताओं में से किसी को भी जिम्मेदारी नहीं मिलना इस बात का संकेत है कि इन नेताओं के द्वारा गंभीरता से काम न करते हुए हवाबाजी ज्यादा की जाती है। अलबत्ता मध्य प्रदेश के नेता करनाल चौधरी, हिना कावरे, भूपेंद्र मरावी, मनोज चौहान और पोरलाल को अलग-अलग राज्य की जिम्मेदारी दी गई है। इन सभी को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के द्वारा सचिव पद पर नियुक्त किया गया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 20 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



