रविवार, 22 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

शहर में पानी का संकट शुरू, लेकिन निगम की नहीं है बड़ी तैयारी

कम बारिश से इंदौर में जल संकट की दस्तक, चितावद क्षेत्र में लोग 50 रु. देकर भरवा रहे एक ड्रम पानी; निगम की तैयारी नदारद।

शहर में पानी का संकट शुरू, लेकिन निगम की नहीं है बड़ी तैयारी
शहर में पानी का संकट शुरू, लेकिन निगम की नहीं है बड़ी तैयारी (फोटो: सिटी ब्लास्ट)

इस साल कम बारिश होने के कारण इंदौर में पानी का संकट पैदा होने वाला है। अब तो यह संकट कुछ क्षेत्रों में पैदा भी हो गया है। अभी नगर निगम की कोई बहुत बड़ी तैयारी नजर नहीं आ रही है। शहर के चितावद क्षेत्र में तो लोगों को 50 रु. देकर एक हरी टंकी पानी की भरवानी पड़ रही है।

शहर में पानी का संकट शुरू, लेकिन निगम की नहीं है बड़ी तैयारी (फोटो: सिटी ब्लास्ट)
शहर में पानी का संकट शुरू, लेकिन निगम की नहीं है बड़ी तैयारी (फोटो: सिटी ब्लास्ट)

इस बार पानी का संकट पैदा होगा इसकी जानकारी तो हर किसी को है। लेकिन फिर भी यह माना जा रहा है कि यह संकट दिसंबर अंत या जनवरी में आएगा और जब संकट आएगा तब देखा जाएगा। नगर निगम के द्वारा इस संकट को ध्यान में रखते हुए अपनी व्यापक तैयारी का दावा किया जा रहा है। ऐसी कोई तैयारी धरातल पर नजर नहीं आ रही है। नगर निगम की ओर से बार-बार लोगों से पानी का दुरुपयोग रोकने की अपील की जा रही है। इसके साथ ही नगर निगम की ओर से प्राकृतिक जल स्रोत का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करने और उस पानी को वेस्ट जाने से रोकने की भी पहल की जा रही है। निगम के जनप्रतिनिधि और अधिकारी चाहे दिसंबर के अंत और जनवरी में पानी के संकट के आने का इंतजार कर रहे हों लेकिन हकीकत तो यह है कि इस संकट ने शहर में दस्तक दे दी है। अभी 2 दिन पहले ही चितावद क्षेत्र के लोगों ने पानी की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया और चक्का जाम किया। इन लोगों के द्वारा खाली मटके भी फोड़े गए। इस क्षेत्र में पानी के संकट ने जोरदार तरीके से अपनी दस्तक दे दी है। अभी इस स्थिति से निपटने के लिए निगम की कहीं कोई तैयारी नजर नहीं आ रही है। इस क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अपने पानी की आवश्यकता की पूर्ति के लिए उनके द्वारा हरे रंग के 200 लीटर के ड्रम खरीद कर घर के बाहर रखे गए हैं। प्राइवेट टैंकर वालों से ड्रम भरवाने का काम किया जाता है। इन टैंकर वालों के द्वारा एक ड्रम को भरने के 50 रु. लिए जाते हैं। एक बार कोई टैंकर कॉलोनी में आता है तो फिर वह लाइन से घर-घर में पानी भरते हुए चला जाता है। हर घर से जितने ड्रम उतना पैसा के फार्मूले से पैसे का संग्रहण कर लिया जाता है। इस क्षेत्र के नागरिकों के द्वारा आंदोलन कर दिए जाने के बावजूद अभी तक नगर निगम के द्वारा यहां पर पानी की व्यवस्था करने की दिशा में कोई पहल नहीं की गई है। अभी भी नगर निगम के अधिकारी यह कहने की स्थिति में नहीं हैं कि इस क्षेत्र में पानी की आपूर्ति के लिए उनके द्वारा कब से किस तरह से क्या कदम उठाए जाएंगे। बात केवल चितावद की नहीं है बल्कि बहुत सारे क्षेत्र हैं जहां पर ऐसी ही गंभीर स्थिति बन गई है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 21 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 21 November 2026, पृष्ठ 3