इंदौर। देश के सबसे बेहतरीन इंक्यूबेशन सेंटर में शामिल हैदराबाद के टी-हब की तर्ज पर इंदौर में बनने वाले इन्क्यूबेशन सेंटर का प्रोजेक्ट 6 माह आगे बढ़ गया है। खंडवा रोड स्थित आईटी पार्क के पीछे देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी की करीब छह एकड़ जमीन पर यह सेंटर विकसित होना था। तय हुआ था कि इसे यूनिवर्सिटी और आईडीसी(इंडस्ट्रियल डेवलमेंट कॉर्पोरेशन) मिलकर बनाएंगे और चलाएंगे। दावा है कि यहां न केवल स्टूडेंट्स व पास आउट छात्रों के स्टार्टअप आयडिया को मुकाम तक पहुंचाया जाएगा। बल्कि एआई, डेटा साइंस सहित स्किल ओरिएंटेड कई डिप्लोमा कोर्स भी चलाए जाएंगे। यह कोर्स एक साल के होंगे। छह माह के सर्टिफिकेट कोर्स भी चलेंगे। डीएवीवी ने कहा था कि आईडीसी के साथ मिलकर इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है हालांकि कागजों पर अभी समय लगेगा।
हैदराबाद जा चुके अफसर
कुलपति प्रो. राकेश सिंघई आईडीसी अफसरों के साथ हैदराबाद पहुंचकर टी- हब(इंक्यूबेशन सेंटर) की विस्तृत जानकारी लेकर आ चुके हैं। अब अगले चरण में प्रस्ताव शासन को मंजूरी के लिए भेजा जा रहा है। इसी में 6 माह अतिरिक्त लगेंगे। डीएवीवी का कहना था कि यह सेंटर सुविधाओं के लिहाज से हाईटेक होगा। यहां इंडस्ट्री के लिए पूरा फ्लोर रहेगा।
इस प्रोजेक्ट को लेकर दावा है कि यूनिवर्सिटी पूरी प्लानिंग आईडीसी के एक्सपर्ट व अपने सीनियर प्रोफेसरों के साथ मिलकर कर रही है। पूरा फोकस वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर व अत्याधुनिक नवाचार पर रहेगा। यहां न केवल स्टार्टअप्स को काम करने की जगह मिलेगी, बल्कि स्टार्टअप इकोसिस्टम को दिशा देने पर काम होगा। इसकी खासियत यह होगी कि यहां पांच से छह मंजिला बिल्डिंग बनेगी। इसकी क्षमता 200 से ज्यादा स्टार्टअप्स को एक साथ संभालने की रहेगी। यहां फ्री वेंचर कैपिटलिस्ट जोन भी रहेगा। यही नहीं सेंटर में वेंचर कैपिटलिस्ट्स यानी निवेशकों के लिए भी एक पूरी मंजिल रहेगी। इसका मुख्य उद्देश्य यह है होगा कि स्टार्टअप्स को फंडिंग के लिए कहीं बाहर न जाना पड़े। आईडीसी के जरिये यहां स्टार्टअप्स को आगे बढ़ाने के लिए उद्योग जगत के विशेषज्ञों से सीधी सलाह मिल सकेगी। साथ ही बड़े कॉरपोरेट्स और वैश्विक बाजारों से जुड़ाव के लिए अलग टीम काम करेगी। यही नहीं फंडिंग पर सबसे ज्यादा फोकस होगा। निवेशकों और सीड फंड्स तक पहुंच आसान बनाने के लिए स्किल्ड प्रोफेशनल्स और इंटर्न्स का नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
और क्या होगा
स्किल ओरिएंटेड डिप्लोमा कोर्स शुरू होंगे। इसके लिए एक पूरा फ्लोर रहेगा। यहां एक्सपर्ट पढ़ाएंगे। आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। जानकारी के अनुसार यहां स्टार्टअप के लिहाज से टॉप डिमांड वाले डिप्लोमा इन एआई एंड मशीन लर्निंग, डिप्लोमा इन फुल-स्टैक वेब डेवलपमेंट, डेटा साइंस- एनालिटिक्स, डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स मैनेजमेंट, कंटेंट क्रिएशन,डिप्लोमा इन डिजाइन एंड यूजर्स, प्रोडक्ट डिजाइन सहित डिप्लोमा इन एंटरप्रेन्योरशिप जैसे कोर्स चलाए जाएंगे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 19 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



