देशभर में स्वच्छता का उदाहरण बन चुके इंदौर की सफाई व्यवस्था अब खुद सवालों के घेरे में है। कभी गार्बेज फ्री सिटी के तमगे से पहचाने जाने वाले शहर में अब गली-मोहल्लों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक कचरे के ढेर नजर आने लगे हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान स्लम एरिया की सफाई और सौंदर्यीकरण के बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन निरंजनपुर खालसा चौक के पास बस्ती का नाला इन दावों की पोल खोल रहा है। नाले में गंदा और बदबूदार पानी, प्लास्टिक और डिस्पोजल का अंबार लगा है। हालात देखकर लगता है कि लंबे समय से यहां सफाई ही नहीं हुई। शहर की बिगड़ती स्थिति के बीच स्वच्छता का डैशबोर्ड भी जारी नहीं हुआ है। निरंजनपुर के नाले की स्थिति बताती है कि स्वच्छता अभियान का असर कई बस्तियों तक नहीं पहुंच रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शहर में ऐसी गंदगी है तो स्वच्छता सर्वेक्षण के नतीजों का इंतजार करने का क्या मतलब है। निगम को पहले अपने शहर की सफाई व्यवस्था सुधारनी चाहिए। शहर में कचरा संग्रहण और परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। कचरा गाड़ियों के ड्राइवर और हेल्पर का कहना है कि जीटीएस पर गीला-सूखा कचरा खाली करने और सेग्रीगेशन में काफी समय लग रहा है। प्रोसेसिंग प्लांट तक कचरा पहुंचने और उसके निपटान में भी देरी हो रही है। इसका असर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पर पड़ रहा है।
वाटर प्लस के 200 अंक भी खतरे में
स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में वाटर प्लस का सर्वे भी होना है। इसी श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन के कारण इंदौर को पहले राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला था। वर्ष 2024 के स्वच्छता सर्वेक्षण में वाटर प्लस के 200 अंकों ने इंदौर की स्थिति मजबूत की थी। यदि नालों की गंदगी और सीवेज व्यवस्था की स्थिति नहीं सुधरी तो इस श्रेणी में भी शहर को नुकसान उठाना पड़ सकता है। श्रीनगर और मनीषपुरी जैसी कॉलोनियों में भी सड़कों के किनारे कचरा एकत्र दिखाई दे रहा है। श्रीनगर में सड़क की सफाई के बाद कचरा सड़क किनारे छोड़ने की पुरानी प्रवृत्ति फिर लौटती नजर आ रही है। इन इलाकों में वर्तमान और पूर्व सांसद के निवास होने के बावजूद सफाई व्यवस्था सवालों में है। इंदौर ने वर्षों की मेहनत से स्वच्छता में अपनी पहचान बनाई थी, लेकिन मौजूदा हालात बताते हैं कि निगरानी और नियमित सफाई में कमी आई है। यदि निगम ने तत्काल कचरा संग्रहण, जीटीएस, सेग्रीगेशन, नालों की सफाई और सार्वजनिक स्थानों की निगरानी नहीं बढ़ाई तो शहर की स्वच्छता रैंकिंग के साथ उसकी राष्ट्रीय पहचान भी प्रभावित हो सकती है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 21 November 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



