शिक्षा विभाग के लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक डीएस कुशवाह ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारी और सहायक आयुक्त को पत्र प्रेषित कर कहा कि वे सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों को जानकारी दे दें कि ठंड के मौसम में जो स्कूल ड्रेस कोड अनिवार्य करते हैं और उनके दायरे में अगर कुछ विद्यार्थी दूसरे कलर के गर्म कपड़े पहनकर आते हैं तो उन्हें स्कूल आने से रोका नहीं जा सकता है। सर्दी के मौसम में गणवेश के नियमों के कारण विद्यार्थियों को विद्यालय आने से न रोका जाए। विभाग को जानकारी मिली थी कि विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा निर्धारित यूनिफॉर्म अथवा सर्दी के मौसम में अलग-अलग रंग अथवा डिजाइन के स्वेटर/गर्म कपड़े पहनने के कारण विद्यार्थियों को कक्षा में आने से वंचित कर दिया जाता है। यदि विद्यार्थी सर्दी के मौसम में किसी दिन गणवेश से अलग रंग/डिजाइन के कपड़े/स्वेटर पहनकर विद्यालय में आते हैं तो उन्हें कक्षा में उपस्थित होने से न रोका जाए। वहीं ठंड के सीजन में स्कूल के विद्यार्थियों को जूते-चप्पल कक्षा के बाहर उतारने के लिए बाध्य भी नहीं किया जाए, ठंड के समय विद्यार्थी के जूते-चप्पल खुलवाए जाते हैं तो विद्यार्थी का स्वास्थ्य खराब हो सकता है। दोनों ही निर्देशों का कड़ाई से पालन अब इंदौर में भी शिक्षा विभाग कराएगा। इसके लिए पत्र भी स्कूलों को भेजे जा रहे हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 21 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



