रविवार, 22 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

यातायात की समस्या पर आज फिर सड़क सुरक्षा समिति करेगी विचार

पिछली बैठक में लिए गए फैसलों की भी की जाएगी समीक्षा

शहर की यातायात समस्या का समाधान निकालने के लिए आज एक बार फिर सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में पिछली बैठकों में लिए गए फैसलों की समीक्षा करते हुए विचार किया जाएगा। इसके साथ ही शहर की यातायात की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए और क्या किया जा सकता है इस पर भी विचार-विमर्श होगा।

शहर में यातायात की समस्या की स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। हर दिन शहर के किसी न किसी क्षेत्र में ऐसा जाम लगता है कि पूरा शहर परेशान हो जाता है। इस जाम में अब तो बड़ी संख्या में एंबुलेंस भी फंसने लगी हैं। जिसके कारण एंबुलेंस में अस्पताल ले जाए जा रहे मरीज की जान पर बन आती है। जिला प्रशासन, यातायात पुलिस और इंदौर नगर निगम के द्वारा इंदौर शहर के यातायात को बेहतर और सुगम बनाने की दिशा में जितनी कोशिश की जा रही है उतनी ही यातायात की समस्या बढ़ती जा रही है। हर एक महीने में जिला कलेक्टर शिवम वर्मा के द्वारा सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया जाता है। इस बैठक में यातायात की स्थिति की समीक्षा करते हुए किस तरह से क्या सुधार लाया जा सकता है उस बारे में विचार किया जाता है। इस कड़ी में कलेक्टर के द्वारा आज फिर से कलेक्टर कार्यालय में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक रखी गई है। वैसे तो आज सरकारी कार्यालय के अवकाश का दिन है लेकिन इस बैठक में लंबा विचार-विमर्श होना है इसलिए इस बैठक को अवकाश के दिन में ही आयोजित कर लिया गया है। आज की इस बैठक में पूर्व में लिए गए फैसलों के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही इस बात पर विचार किया जाएगा कि अब आने वाले समय में यातायात को बेहतर बनाने और समस्या का समाधान करने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं। बैठक में यातायात विशेषज्ञों के द्वारा भी अपने विचार प्रशासन तंत्र के सामने रखे जाएंगे। सभी को उम्मीद है कि आज की यह बैठक इंदौर के यातायात को सुधारने की दिशा में कोई बड़ा फैसला लेने वाली बैठक साबित हो सकती है। अब तो प्रशासन के अधिकारियों को भी यह समझ में आ गया है कि चौराहे के लेफ्ट टर्न को चौड़ा कर देने से यातायात की समस्या का समाधान नहीं होगा। इस समस्या के समाधान के लिए सड़क को कब्जा मुक्त करना सबसे ज्यादा जरूरी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 21 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 21 November 2026, पृष्ठ 4