रविवार, 22 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

प्राथमिक विद्यालय की जर्जर इमारत को नवीनीकरण का इंतजार

लंबे समय से अटका नई बिल्डिंग निर्माण कार्य जहां बनना थी नई इमारत वहां लगे मिट्टी के ढेर, उग रही घास शिफ्टिंग के लिए नहीं मिल रही जगह, अटका निर्माण

इंदौर। विधानसभा तीन के अंतर्गत रावजी बाजार थाना क्षेत्र में स्थित प्रकाश का बगीचा प्राथमिक हिंदी विद्यालय भवन की सालों से जर्जर इमारत को अब नवीनीकरण का इंतजार है। लंबे समय से टेंडर प्रक्रिया के बावजूद हालत यह है कि अभी तक उक्त इमारत के नवीनीकरण और नवनिर्माण का कार्य शुरू ही नहीं हो पाया। जबकि इसको लेकर पिछले 5 साल से भी ज्यादा समय से लगातार प्रयास चल रहे हैं। वहीं अभी हालत यह है कि चारों ओर बाउंड्री वॉल करने के अलावा कोई काम नहीं हो पाया। यही नहीं जहां नई इमारत बनाई जानी थी वहां मिट्टी के ढेर लगे हैं, और जगह-जगह गाजर घास उग रही है जिसको लेकर भी अब सवाल उठ रहे हैं। एक तरफ सरकार चाहती है कि कोई भी गरीब निर्धन परिवार के बच्चे शिक्षा से वंचित न रहे साथ ही सरकारी स्कूल में बच्चों को बिना किसी परेशानी के आधुनिक शिक्षा कम खर्च में निजी स्कूल की तरह मिलें। जबकि यहां लंबे समय से जर्जर हालत वाले तीन से चार कमरों में सालों से स्कूल लग रहा है उसके बावजूद जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। प्रकाश का बगीचा प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन के नवनिर्माण का कार्य वर्तमान स्कूल भवन को अन्य जगह शिफ्टिंग करने के लिए पर्याप्त जगह और उचित स्थान नहीं मिलने के कारण लंबे समय से अटका पड़ा है। यहां बनने वाले नवीन सरकारी स्कूल भवन का निर्माण कार्य पिछले चार से पांच साल से अटका पड़ा है। जिसके कारण छात्रों को मजबूरी में लंबे समय से जर्जर भवन में बैठकर पढ़ना पड़ रहा है। जबकि यहां नई स्कूल इमारत बनाने के लिए निगम के शाला प्रकोष्ठ द्वारा तीन-चार साल पहले ही बजट मंजूर कर दिया था, लेकिन पुराने स्कूल भवन को अपनी जगह स्थानांतरित नहीं कर पाने के कारण अब तक निर्माण कार्य ढंग से शुरू नहीं हो पाया, जिसके कारण सालों से अधूरा पड़ा है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 20 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 20 November 2026, पृष्ठ 8