मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

राष्ट्रीय एक्वाटिक चैंपियनशिप देशभर के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

इंदौर के आईडीए इंटरनेशनल स्विमिंग पूल में आयोजित 42वीं सबजूनियर एवं 52वीं जूनियर राष्ट्रीय एक्वाटिक चैंपियनशिप- 2026 के पांचवें दिन डाइविंग और वॉटरपोलो के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन…

इंदौर के आईडीए इंटरनेशनल स्विमिंग पूल में आयोजित 42वीं सबजूनियर एवं 52वीं जूनियर राष्ट्रीय एक्वाटिक चैंपियनशिप- 2026 के पांचवें दिन डाइविंग और वॉटरपोलो के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। देशभर से आए खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। पांचवें दिन वॉटरपोलो के बालक एवं बालिका वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए, जिसके बाद फाइनल में पहुंचने वाली टीमों की तस्वीर साफ हो गई। बालिका वर्ग के पहले सेमीफाइनल में केरल ने महाराष्ट्र को 17-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। केरल की ओर से सफवा साकीर और वंदना एस. ने पांच-पांच गोल किए। अभिनंदा वी., अर्द्रा एस. और कार्तिका सतीश ने दो-दो गोल किए, जबकि मधुरिमा एस. एम. ने एक गोल किया। महाराष्ट्र की ओर से रुशादा पाटिल ने एक गोल किया।

दूसरे सेमीफाइनल में कर्नाटक ने बंगाल को 17- 7 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। कर्नाटक की रोशिनी एस. ने छह, प्रचेता आर. राव ने चार तथा धृति डी. के. ने तीन गोल किए। बंगाल की ओर से अन्वेषा हलदर ने चार गोल किए। इस तरह बालिका वर्ग का फाइनल केरल और कर्नाटक के बीच खेला जाएगा।

बालक वर्ग में बंगाल और

केरल फाइनल में- बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में बंगाल ने कर्नाटक को 21-4 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। बंगाल की ओर से प्रीतम देबनाथ ने चार, राजेश नस्कर, भास्कर सरदार और संजीब सरदार ने तीन-तीन गोल किए। साहिल शेख और अर्नब शॉ ने दो- दो गोल किए। दूसरे सेमीफाइनल में केरल ने महाराष्ट्र को 20-9 से पराजित किया। केरल के इरफान मोहम्मद आई. एस. ने सर्वाधिक सात गोल किए। अंबाडी एन. एस. और वैष्णव वी. ने तीन-तीन गोल किए।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें