स्टार चौराहे के पास में स्थित कृष्ण बाग कॉलोनी में रिमूवल की कार्रवाई कल सोमवार को करने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही प्रशासन की ओर से अंदरूनी तौर पर यह निश्चित किया गया है कि इस कार्रवाई को करने तक एसडीएम घनश्याम धनगर को ट्रांसफर होने के बाद भी रिलीव नहीं किया जाएगा।
सरकारी जमीन पर बने हुए मकान तोड़ने के लिए पिछले एक सप्ताह से कसरत की जा रही है। इस कसरत के बीच में सभी लोगों के विरोध के कारण कार्रवाई को अंजाम नहीं दिया जा पाया था। इस कॉलोनी में रहने वाले लोगों के द्वारा रीगल चौराहे पर स्थित गांधी प्रतिमा पर धरना देकर अपनी मांग उठाई जा रही थी। इन लोगों का कहना था कि उनके मकान को नहीं तोड़ा जाए। इन लोगों का यह भी कहना था कि वे लोग गरीब वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं और उन्होंने बड़ी मुश्किल से अपने जीवन भर की कमाई से छोटा सा मकान बनाया है। ऐसे में यदि इस मकान को भी प्रशासन के द्वारा तुड़वा दिया जाएगा तो वे लोग रहने के लिए कहां जाएंगे।
इन लोगों के द्वारा प्रशासन से मोहलत भी मांगी जा रही थी। इसी बीच इन लोगों की ओर से हाई कोर्ट में एक याचिका भी लगाई गई थी। इस याचिका पर हाईकोर्ट के द्वारा 26 मकान तोड़ने की कार्रवाई पर रोक लगा दी गई थी और बाकी मकान तोड़ने के लिए प्रशासन को खुला हाथ दे दिया गया था। हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद कल शनिवार के दिन इस क्षेत्र के एसडीएम घनश्याम धनगर ने कलेक्टर शिवम वर्मा से चर्चा कर इस कार्रवाई को अंजाम देने के बारे में तैयार की गई योजना की जानकारी दी। अब प्रशासन की ओर से यह कोशिश है कि कल सोमवार के दिन यहां पर कार्रवाई करते हुए जिन लोगों के मकान तोड़ने पर रोक है उनके मकान को छोड़कर बाकी लोगों के मकान तोड़ दिए जाएं। प्रशासन के द्वारा इस बारे में इंदौर नगर निगम के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। निगम की रिमूवल गैंग को इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए मांगा गया है। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग को भी चिट्ठी लिखकर इस कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। प्रशासन और नगर निगम दोनों का ही कहना है कि पर्याप्त पुलिस बल की उपस्थिति के बगैर यहां जाकर कार्रवाई कर पाना संभव नहीं है। पुलिस को आशंका है कि जब कार्रवाई की जाएगी तो संभव है कि लोगों के द्वारा मैदानी विरोध किया जाए। ऐसी स्थिति में विशेष प्रबंध करने पड़ेंगे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 22 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






