इंदौर नगर निगम के द्वारा कल जब कृष्ण बाग कॉलोनी में बुलडोजर के माध्यम से मकान ध्वस्त करने का अभियान चलाया जा रहा था तो उस समय पर अपने मकान को बचाने के लिए कुछ लोगों ने अलग तरह की कोशिश भी की। यह कोशिश तोड़फोड़ का काम समाप्त होने से पहले ही उजागर हो गई और फिर निगम की टीम ने इस कोशिश पर भी पानी फेर दिया। जो लोग अपना मकान एक अलग तरीके से बचाना चाहते थे वे आखिरकार नहीं बचा सके।
कल इंदौर का पूरा केंद्र कृष्ण बाग कॉलोनी बना हुआ था। वहां पर सुबह 8:00 बजे से नगर निगम के द्वारा तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की गई थी जो कि दोपहर 3:00 बजे तक चलती रही। इस दौरान कई बार इस कार्रवाई का विरोध भी हुआ लेकिन यह विरोध गुम हो गया। कई बार जो घर तोड़े गए या तोड़े जा रहे थे उन घरों में रहने वाले परिवारों ने आंखों के आंसू के माध्यम से अपने दुख को अभिव्यक्त करने की कोशिश भी की लेकिन ऐसी किसी कोशिश का भी कोई परिणाम निकल कर सामने नहीं आ सका। सुप्रीम कोर्ट तक मामला चलने और आदेश हो जाने के बाद कोई भी कोर्ट के आदेश के विपरीत जाकर काम करने के लिए तैयार हो ही नहीं सकता है। कल की इस कार्रवाई के दौरान जिन मकानों को नहीं तोड़ने के आदेश मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय इंदौर के द्वारा दिए गए थे, उन मकानों पर नगर निगम की टीम के द्वारा लाल पेंट से गोल घेरा बनाकर इंग्लिश में एच लिख दिया गया। इससे आशय स्पष्ट था कि इन मकानों को तोड़ना नहीं है बल्कि होल्ड करना है। यह स्थिति देखकर कृष्ण बाग कॉलोनी में रहने वाले कुछ लोगों ने भी अपना दिमाग लगाया और जुगाड़ जमाने की कोशिश की। इन लोगों ने भी लाल पेंट लाकर जिस तरह से नगर निगम के द्वारा गोल घेरा बनाकर एच लिखा गया वैसा ही लेखन अपने मकान के बाहर भी कर लिया और अपने मकान को बचाने के लिए अंतिम कोशिश का दांव चल दिया। जब घड़ी में दोपहर के 2:00 बज रहे थे उस समय पर निगम की टीम के द्वारा तोड़े गए मकानों की गणना की जाने लगी और साथ ही जिन मकानों पर होल्ड लिखा गया था उनकी भी गणना की जाने लगी। इस गणना में निगम को आंकड़ों का अंतर मिल गया। इस गणना में निगम के अधिकारियों ने पाया कि उच्च न्यायालय के आदेश से 22 मकान होल्ड किए जाने थे लेकिन यहां तो होल्ड किए गए मकान ज्यादा निकल गए हैं। यह जानकारी सामने आते ही निगम की टीम ने दस्तावेज निकाले और फिर से होल्ड किए गए मकानों की जांच करना शुरू कर दिया। इस जांच में वह लोग पकड़े गए जिन्होंने खुद अपने हाथ से अपने मकान के बाहर एच लिख दिया था। निगम की टीम ने कार्रवाई को समाप्त करने से पहले इन मकानों को भी ढेर कर दिया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 24 November 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





