रविवार, 22 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

खजराना को कनाडिया से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण का रास्ता साफ

राज्य सरकार ने दी सड़क निर्माण को मंजूरी, 13 करोड़ रुपए भी मिलेंगे

खजराना के गणेश मंदिर और अन्य क्षेत्र में जाने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए कनाडिया से खजराना तक सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार ने इस सड़क के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही सरकार के द्वारा इस सड़क के निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपए भी दिए जाएंगे।

इंदौर नगर निगम की महापौर परिषद के सदस्य राजेश उदावत ने बताया कि खजराना क्षेत्र में जाने वाले नागरिकों के लिए एक वैकल्पिक मार्ग की आवश्यकता पिछले काफी समय से महसूस की जा रही थी। इस आवश्यकता के बीच में कनाडिया से खजराना को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण की कोशिश की गई थी। इस सड़क के निर्माण की लागत 13 करोड़ रुपए होने के कारण नगर निगम इस सड़क के निर्माण का काम हाथ में लेने से हिचक रहा था। ऐसी स्थिति में जनता की सुविधा के लिए इस सड़क का निर्माण जरूरी हो गया था। राज्य सरकार के द्वारा इस सड़क के निर्माण के प्रस्ताव को कल अपनी मंजूरी दे दी गई है। सरकार की ओर से दी गई मंजूरी में यह स्पष्ट कर दिया गया है कि इस सड़क के निर्माण पर खर्च होने वाली 13 करोड़ रुपए की राशि राज्य सरकार के द्वारा दी जाएगी। सरकार की ओर से राशि मिलने पर इस काम को करने में नगर निगम को कहीं कोई दिक्कत नहीं रहेगी। अब सरकार की मंजूरी आने के बाद इस सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। अब नगर निगम पूर्व से ही बनाई हुई इस सड़क के निर्माण की योजना के क्रियान्वयन की राह पर आगे बढ़ेगा। इस सड़क के बन जाने से न केवल खजराना गणेश मंदिर बल्कि खजराना क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को भी आना-जाना करने में सुविधा मिल सकेगी। अभी तो खजराना चौराहा से एक ही रास्ता है। इस रास्ते से जाने और आने में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। यहां पर सिंगल सड़क होने के कारण यातायात का दबाव लगातार बना रहता है। ऐसे में जाम की स्थिति भी बनी रहती है। इसके परिणामस्वरूप नागरिकों को अपना वाहन लेकर निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 20 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 20 November 2026, पृष्ठ 4