शनिवार, 24 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

सड़कों के पेंच वर्क पर निगम खर्च करेगा 8.25 करोड़

सभी जोनल कार्यालय के क्षेत्र में सड़कों का एक साथ पेंच वर्क करने की तैयारी

नगर निगम के द्वारा सारे शहर की सड़कों में सुधार कार्य करने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। इस कार्य पर 8.25 करोड रुपए खर्च होंगे। निगम पूरे शहर की सड़कों में एक साथ ही सुधार के लिए काम करेगा। शहर की सड़कों के गड्ढे को लेकर काफी हंगामा मच जाने के बाद अब जाकर नगर निगम की नींद खुल सकी है।

इंदौर शहर की सड़कों की बदहाली इस समय हर नागरिक महसूस कर रहा है। निगम के द्वारा नई बनाई गई सड़कों पर भी गड्ढे हो गए हैं। जिन स्थानों पर निगम ने सड़क की खुदाई करवा कर पानी अथवा ड्रेनेज की लाइट डालने का काम करवाया वहां पर ठेकेदार के द्वारा लाइन तो डाल दी गई लेकिन खोदी गई सड़क को ठीक नहीं किया गया है। निगम के द्वारा इस तरह के काम में सड़क के ठीक करने के काम को प्राथमिकता दिए जाने के बावजूद इस तरह के काम में कोई सुधार की स्थिति नहीं बन पा रही है। शहर की सभी सड़कों पर गड्ढे की बहार आई हुई है। नगर निगम के द्वारा पिछले दिनों यह घोषणा की गई थी कि दीपावली के त्यौहार के पहले शहर की सारी सड़कों के गड्ढे सही कर दिए जाएंगे। इस घोषणा के बाद भी अभी तक कहीं कोई काम शुरू नहीं हो सका है। सड़कों की हालत बहुत ज्यादा खराब स्थिति में है। ऐसी स्थिति में त्यौहार के समय पर भी इन सड़कों से गुजरना और अपना काम करना नागरिकों के लिए मजबूरी बन गया है। निगम तो केवल घोषणा करना जानता है लेकिन उस घोषणा को क्रियान्वित करने का रास्ता उसे नहीं मालूम होता है।

सड़क सुधार कार्य के लिए बनाए पांच पैकेज

नगर निगम के द्वारा शहर की सड़कों की स्थिति में सुधार लाने के लिए पूरे शहर की सड़कों को पांच पैकेज में बांटा गया है। पहले पैकेज में जोनल कार्यालय क्रमांक 1, 34, 16, 20 को लिया गया है। इस क्षेत्र की सड़कों का सुधार कार्य करने पर 1.86 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। दूसरे पैकेज में जोनल कार्यालय क्रमांक 5, 6, 7 और 17 को लिया गया है। इस क्षेत्र में सड़क सुधार के कार्य पर 1.38 करोड रुपए खर्च होने का अनुमान है। तीसरे पैकेज में जोनल कार्यालय क्रमांक 8, 9, 10, 22 को लिया गया है। इस क्षेत्र में सड़क में सुधार पर 1.58 करोड रुपए खर्च होंगे। जबकि चौथे पैकेज में जोनल कार्यालय क्रमांक 11, 13, 18 और 19 को लिया गया है। इस क्षेत्र में सड़कों को ठीक करने पर 1.68 करोड रुपए खर्च किए जाने का अनुमान है। पांचवें और अंतिम पैकेज में जोन क्रमांक 2, 12, 14, 15 और 21 को लिया गया है। इस जोनल कार्यालय क्षेत्र में सड़कों की हालत ज्यादा खराब होने के कारण इस क्षेत्र में सुधार के कार्य पर 2.12 करोड रुपए खर्च होंगे। निगम के द्वारा इन सभी पांच पैकेज में सड़क सुधार के कार्य के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। यह सभी टेंडर एक साथ 23 नवंबर को खोले जाएंगे। इसके लिए ठेकेदारों की 6 नवंबर को बैठक भी रखी गई है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 October 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 24 October 2026, पृष्ठ 4